हिंदुस्तान, तहजीब, एकता और हमारा मुकम्मल भारत
सस्ती लोकप्रियता और आस्था का अपमान

मोहम्मद सैफ साबरी
हिंदुस्तान का वजूद सिर्फ नक्शे की लकीरों से नहीं, बल्कि हज़ारों सालों की साझा रवायत, प्यार और भाईचारे से बना है। यह वह मुल्क है जहाँ हर धर्म, हर ज़ुबान और हर संस्कृति एक साथ मिलकर रहती आई है। सदियों से यहाँ की मिट्टी ने दुनिया को सिखाया है कि अनेकता में एकता ही मानवता की सबसे बड़ी खूबी है।
हमारे देश की खूबसूरती इस बात में है कि यहाँ की तहजीब में हर धर्म का सम्मान है। सूफियों की इबादत हो या ऋषियों का ज्ञान, मंदिर की घंटियाँ हों या मस्जिद की अज़ान, इन सबने मिलकर भारत को एक ऐसा गुलदस्ता बनाया है जिसकी खुशबू पूरी दुनिया में मशहूर है। यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम अपनी इस महान विरासत को टूटने न दें।
आज के दौर में कुछ अराजक तत्व अपनी सस्ती लोकप्रियता और निजी स्वार्थ के लिए समाज में नफरत का ज़हर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। चाहे वह किसी भी पार्टी से जुड़े हों, अगर वे किसी की आस्था या नबी-ए-करीम जैसी महान शख्सियत पर टिप्पणी करते हैं, तो वे न केवल देश के कानून का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि भारत की रूह को भी लहूलुहान कर रहे हैं। ऐसे लोग न तो सच्चे देशभक्त हो सकते हैं और न ही किसी दल के सच्चे प्रतिनिधि। वे केवल सेवा के नाम पर नफरत फैलाकर अपना नाम कमाना चाहते हैं, जो कि पूरी तरह निंदनीय है।
जब कोई अपनी झूठी शान और पब्लिसिटी के लिए किसी धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देता है, तो उससे न केवल देश का माहौल खराब होता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश की छवि को नुकसान पहुंचता है। आज वक्त आ गया है कि सुप्रीम कोर्ट और प्रशासन ऐसे मामलों पर संज्ञान ले। हमें एक ऐसे सख्त कानून की दरकार है जहाँ धर्म के अपमान पर आजीवन कारावास जैसी कड़ी सजा हो। ताकि, भविष्य में कोई भी अपनी जुबान से नफरत फैलाने की हिम्मत न करे।
देश के प्रति ईमानदारी का मतलब केवल तिरंगे को सलामी देना नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक के दिल में प्यार और सम्मान की भावना पैदा करना है। हमें ऐसे नेताओं को खारिज करना होगा जो फूट डालो और राज करो की नीति अपनाते हैं। हमें उन लोगों का साथ देना है जो विकास, शिक्षा और भाईचारे की बात करते हैं।
याद रखिए, हिंदुस्तान सबका है। यहाँ हर धर्म के व्यक्ति को अपनी आस्था के साथ जीने का पूरा अधिकार है। नफरत करने वाले आए दिन आएंगे और चले जाएंगे, लेकिन भारत की एकता और भाईचारे की डोर को तोड़ना किसी के बस में नहीं है। आइए, हम सब मिलकर अपने मुल्क को मोहब्बत के साये में महफूज़ रखें और इस बात का संकल्प लें कि न हम नफरत फैलाएंगे और न ही नफरत फैलाने वालों को बर्दाश्त करेंगे।
हमारा मुल्क तभी मुकम्मल है, जब यहाँ हर इंसान का दिल खुश है और हर धर्म का सम्मान सुरक्षित है।


