नई पीढ़ी तक पहुंचाएं मौलाना आज़ाद के विचार और आदर्श : सिराज मेहंदी
समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और खेल जगत की विशिष्ट हस्तियों को 'मौलाना आज़ाद सम्मान' से किया गया सम्मानित

लखनऊ। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर नेशनल इत्तेहाद-ए-मिल्लत कनेक्शन की ओर से प्रेस क्लब में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौलाना आज़ाद के बहुआयामी व्यक्तित्व, उनके संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह में वक्ताओं ने मौलाना आज़ाद के विचारों को आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक बताते हुए उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का संपूर्ण जीवन देश की आज़ादी, राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनका दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा ही किसी समाज और राष्ट्र की उन्नति एवं प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने न केवल आधुनिक शिक्षा की मजबूत बुनियाद रखी, बल्कि गंगा-जमुनी तहज़ीब, साझा संस्कृति और हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करने में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के दौरान समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट हस्तियों को ‘मौलाना आज़ाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. के.के. सिंह, प्रोफेसर सर्जरी, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी; डॉ. सैयद सरदार नवाब, साइक्लिंग चैंपियन एवं एशिया रिकॉर्ड धारक (1990); वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेविका वंदना मिश्रा तथा प्रख्यात कवि सर्वेश अस्थाना शामिल रहे।
कार्यक्रम में रमेश दीक्षित ने कहा कि मौलाना आज़ाद केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि भरोसे, राष्ट्रीय एकता और साझा विरासत के प्रतीक थे। उन्हें लगातार छह वर्षों तक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष रहने का गौरव प्राप्त हुआ। समाजसेवी अमीर हैदर ने कहा कि मौलाना आज़ाद सच्चे हिंदुस्तानी थे, जिन्होंने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
प्रख्यात कवि सर्वेश अस्थाना ने कहा कि मौलाना आज़ाद की जयंती पर इस तरह के आयोजन बेहद सराहनीय हैं। उनके विचारों और योगदान को याद करने के लिए सिराज मेहंदी विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। प्रेम कांत तिवारी ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने हमेशा संकीर्ण सोच और फिरकापरस्ती से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और तरक्की को प्राथमिकता दी।
वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ऐसे आयोजनों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। समाज को जोड़ने, आपसी विश्वास कायम करने और भाईचारे को मजबूत बनाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नदीम अशरफ जायसी ने कहा कि मौलाना आज़ाद महज एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अपने आप में एक महान शख्सियत, विचारधारा और प्रेरणा के स्रोत थे।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज सेविका वंदना मिश्रा ने कहा कि मौलाना आज़ाद ने शिक्षा के साथ-साथ महिलाओं की शिक्षा और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी विशेष महत्व दिया। मौलाना मुश्ताक ने कहा कि मौलाना आज़ाद की खूबियों, उनके आदर्शों और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डॉ. सैयद सरदार नवाब ने कहा कि उनकी जन्मभूमि जौनपुर है, लेकिन लखनऊ उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नौजवानों को अपने गौरवशाली इतिहास, देश के महापुरुषों और उनके विचारों से परिचित कराना बेहद जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी अपने अतीत से प्रेरणा लेकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सके।
मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि हमें अपने बुजुर्गों की खिदमात और उनके बताए रास्ते को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आपका कलम मजबूत है तो आपका मुस्तकबिल भी मजबूत है। मौलाना आज़ाद ने अपने बेहतरीन किरदार, दूरदर्शी सोच और विचारों से लोगों के दिलों में जो मुकाम बनाया, वह हमेशा याद रखा जाएगा।
इंसराम अली ने मौलाना आज़ाद के ऐतिहासिक भाषणों का उल्लेख करते हुए कहा कि जामा मस्जिद में दिया गया उनका एकता और भाईचारे का संदेश आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों में देश की एकता, आपसी सद्भाव और साझा संस्कृति की जो भावना थी, उसे आज की पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के आयोजक सिराज मेहंदी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, सम्मानित हस्तियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के बताए रास्ते पर चलना, शिक्षा को बढ़ावा देना और समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि मौलाना आज़ाद जैसी महान विभूतियों का जीवन और उनके विचार हमारी अमूल्य विरासत हैं। इस विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। नौजवानों को उनके संघर्ष, त्याग, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से परिचित कराना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और तरक्की में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षिक, राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें आफताब अहमद, मो. नासिर, शिव सरन सिंह, प्रदीप कपूर, मसूद हसन, विजय शंकर पंकज, राजेंद्र सिंह, परवेज़, ज़ुबैर अहमद, अब्दुल वहीद, शाश्वत तिवारी, वसी अहमद, नज़म अहसन, अब्दुल नसीर नासिर, शायर मुनव्वर जाफरी, तौसीफ हुसैन, आफताब अहमद और बृजेश द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
समारोह का मूल संदेश यही रहा कि मौलाना आज़ाद के विचार किसी एक दौर या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे आज भी शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और मजबूत भारत के निर्माण की राह दिखाते हैं।



