उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार डॉ. कृष्ण कुमार के नेतृत्व में बर्मिंघम, यूके के कौसुलावास में होगा साहित्यिक कार्यक्रम तथा सम्मान समारोह

नई दिल्ली : आगामी 22 सितम्बर 2023 को साहित्य के माध्यम से यूके तथा भारत के मध्य साहित्यिक सेतु निर्माण करने के उद्देश्य से बर्मिंघम, यूके में आयोजित आगामी अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक कार्यक्रम तथा सम्मान समारोह का प्रतिनिधित्व बर्मिंघम की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “गीतांजलि बहुभाषीय साहित्यिक समुदाय” के संस्थापक डॉ. कृष्ण कुमार जी करेंगे। इस आयोजन में भारत की बहुचर्चित साहित्यिक संस्था ‘हिंदी अकादमी, मुंबई’ के सानिध्य में लगभग 40 प्रतिनिधियों का एक दल शामिल होने वाला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विविध प्रतिभा के धनी वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार डॉ. कृष्ण कुमार जी ने बर्मिंघम स्थित कौसुलावास में इस आयोजन के लिए काफी मेहनत की है। डॉ. कृष्ण कुमार की जन्मभूमि भारत है लेकिन कर्मभूमि बर्मिंघम, यूके है। डॉ. कृष्ण कुमार जी पिछले कई वर्षों से बर्मिंघम में रहकर भारतीय भाषा, साहित्य सृजन तथा संस्कृति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उनका मानना है कि हम भारत देश से जो कुछ भी लेकर आए हैं, उसे भूलने के बजाय लोगों को उससे परिचित कराना ही हमारा उद्देश्य है। इसी से दोनों देशों के बीच साहित्य तथा संस्कृति का आदान-प्रदान होगा।

भारत की सुप्रसिद्ध साहित्यिक संस्था “हिंदी अकादमी, मुंबई” तथा बर्मिंघम की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “गीतांजलि बहुभाषीय साहित्यिक समुदाय” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से यूके तथा भारत के मध्य साहित्यिक तथा सांस्कृतिक संबंध और भी मजबूत होंगे।
डॉ. कृष्ण कुमार ने कार्यक्रम आयोजन के संदर्भ में अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि “भारत और बर्मिंघम की दोनों साहित्यिक संस्थाओं ने मिलकर साहित्यिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन का जो कदम उठाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है क्योंकि ऐसे आयोजनों से ही दो देशों के बीच आपसी संबंध और भी मजबूत होते हैं। इस प्रकार के आयोजन से भारत और यूके के बीच बेहतर रिश्तों की उम्मीद जगेगी।”
हिंदी अकादमी, मुंबई के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि “दो देशों के मध्य साहित्यिक तथा सांस्कृतिक सेतु निर्माण करने के उद्देश्य से बर्मिंघम में आयोजित होने वाला यह दूसरा कार्यक्रम है। इससे पहले लंदन के पार्लिमेंट हाउस में पहला कार्यक्रम ‘कथा यूके’ के संस्थापक अध्यक्ष तथा सुप्रसिद्ध प्रवासी साहित्यकार तेजेंद्र शर्मा जी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।”
इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से निश्चित ही भारतीय भाषा तथा संस्कृति के प्रचार-प्रसार को एक नई दिशा प्राप्त होगी। इस कार्यक्रम में भारत से अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने का निवेदन करते हुए डॉ. कृष्ण कुमार जी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Cherish Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button