नुक्कड़ नाटक से गूंजी बस्ती — “दिल्ली चलो, हक लेकर रहेंगे!”
1-3 दिसंबर रामलीला मैदान रैली व संसद मार्च के लिए सीटू का जन जागरण अभियान तेज

नोएडा। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर द्वारा 1-3 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ऐतिहासिक रैली और संसद मार्च को सफल बनाने के लिए चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के तहत सोमवार को झुग्गी बस्ती सेक्टर 8, 9, 10 में जन नाट्य मंच के कलाकारों ने कई स्थानों पर जोरदार नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
नाटक के माध्यम से कलाकारों ने मजदूर की मेहनत, महंगाई की मार, छीने जा रहे अधिकार और चार लेबर कोड्स के खिलाफ संघर्ष की कहानी को इस अंदाज में पेश किया कि बस्ती के लोग रुक-रुक कर ताली बजाते रहे और “मजदूर एकता जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
नुक्कड़ नाटक के बाद हुई नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए सीटू गौतम बुद्ध नगर के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने सभी को गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा –
“त्योहार तभी सच्चा होगा, जब मजदूर को पूरा वेतन, बोनस, पेंशन और सम्मानजनक जीवन मिलेगा। खाली पेट त्योहार नहीं मनाया जाता, हक की लड़ाई ही असली पूजा है।”
उन्होंने दिल्ली चलो आंदोलन के मुद्दों को रेखांकित करते हुए कामगारों से आह्वान किया कि 1 दिसंबर को दिल्ली की सड़कों को मजदूरों के हुजूम से भर दो।
दिल्ली चलो – हमारी मुख्य मांगें :
1. चार लेबर कोड्स वापस लो
2. आंगनवाड़ी, आशा, मिड डे मील सहित सभी स्कीम वर्कर्स व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करो
3. न्यूनतम वेतन ₹42,000 लागू करो
4. ₹21,000 पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा जारी रखो
5. मनरेगा बहाल करो
6. ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी, रेहड़ी-पटरी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा दो
सभा को सीटू नेता भरत डेंजर, अरुण कुमार पटेल, पारस गुप्ता, शंभू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया और बस्ती-बस्ती, फैक्ट्री-फैक्ट्री जाकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।



