कबीरपंथी जुलाहा समाज के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. दिलीप सिंह लांगयान का निधन, समाज में शोक की लहर
फोरम के सलाहकार थे डॉ. दिलीप सिंह लांगयान

नई दिल्ली : कबीरपंथी जुलाहा समाज के वरिष्ठ सदस्य, समाजसेवी रेलवे में उच्च पद से सेवानिवृत्त एवं कबीर के विचारों को दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में जन – जन तक पहुंचाने वाले डॉ. दिलीप सिंह लांगयान जी का सोमवार को रोहिणी, दिल्ली में देहावसान हो गया। 85 वर्षीय डॉ.लांगयान दिल्ली की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में कार्य करते रहे हैं । डॉ.लांगयान के देहांत की सूचना उनकी बेटी एडवोकेट सुश्री मोहिनी सिंह ने दी । उनका अंतिम संस्कार नाहर पुर श्मशान घाट पर किया गया । डॉ. लांगयान की अंतिम यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हुए। डॉ. अम्बेडकर फेडरेशन व फोरम ऑफ एकेडमिक्स फॉर सोशल जस्टिस के चेयरमैन प्रोफेसर हंसराज सुमन , डॉ. स्टार सवेरा के संपादक डॉ.बलवान सिंह बिबयान , डॉ.रामभक्त लांगयान , डॉ. करतार सिंह पंवार डॉ.करतार सिंह बज्जर , श्री नेपाल सिंह पावरिया , डॉ. राजपाल चोपड़ा , डॉ. एम.एस.मेहरा ,श्री सत्यनारायण अहलावत , डॉ. गंभीर सिंह चौहान , श्री श्याम चंद श्री पीसी रंगा , आनंद सब्बरवाल के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रोहिणी ने एक सच्चा समाजसेवी खो दिया है जिसकी भविष्य में पूर्ति संभव नहीं है । दिवंगत आत्मा को नाहर पुर श्मशान घाट में अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की ।
फोरम के चेयरमैन प्रोफेसर हंसराज सुमन ने डॉ. दिलीप सिंह लांगयान को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. लांगयान जी का पूरा जीवन कबीर साहब के सिद्धांतों – सत्य, प्रेम, मानवता और जाति-पात से ऊपर उठकर भाईचारे को समर्पित रहा। उन्होंने जीवन भर हरियाणा , पंजाब , उत्तर प्रदेश व दिल्ली में रह रहे जुलाहा, कबीरपंथी , रविदासी समाज के उत्थान, शिक्षा और एकता के लिए कार्य किया। समाज के हर सुख-दुख में वे सबसे आगे खड़े रहते थे। गरीब, असहाय की मदद करना ही उनका धर्म था। वे हमारी फोरम के सलाहकार रहे और समय – समय पर मार्गदर्शन करते रहे । रोहिणी की अधिकांश सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर समाजहित में कार्य किए । प्रोफेसर सुमन ने कहा कि उनके निधन से जुलाहा समाज ने एक सच्चा मार्गदर्शक, एक अभिभावक और एक निस्वार्थ सेवक खो दिया है। समाज हित में किए गए उनके कार्यों को याद किया जाता रहेगा , समाज में उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी।
स्टार सवेरा के संपादक डॉ. बलवान सिंह बिबयान ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ.लांगयान बहुमुखी प्रतिभा के व्यक्ति थे जो समाज को जोड़कर तथा समाज हित में सदैव तत्पर रहते थे । उन्होंने बताया कि तथागत भगवान बुद्ध , कबीर साहेब ,संत शिरोमणि रविदास और बाबा साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर के विचारों को युवाओं में पहुंचाने का काम किया । डॉ. करतार सिंह पंवार ने कहा कि हमनें अपना एक अच्छा मित्र खो दिया । शिक्षा और सामाजिक संगठनों को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य रहा है । इस दुखद अवसर पर डॉ.भीमराव अम्बेडकर फेडरेशन फॉर सोशल जस्टिस , वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन , कबीरपंथी जुलाहा समाज रोहिणी, दिल्ली के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। कबीरपंथी समाज ने तथागत भगवान बुद्ध , कबीर साहेब से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे।



