कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर आरएसएस के बयान को बताया घड़ियाली आंसू, पूछे तीखे सवाल
भाजपा-आरएसएस श्रीराम के पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी हैं; उन्होंने रामभक्तों को धोखा दिया : आराधना मिश्रा

नई दिल्ली : कांग्रेस ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी पर आरएसएस के हालिया बयान को घड़ियाली आंसू बताते हुए तीखे सवाल पूछे हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि भाजपा-आरएसएस श्रीराम के पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी हैं, जिन्होंने सनातन धर्म और रामभक्तों को धोखा दिया है।
कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि आरएसएस-भाजपा घड़ियाली आंसू बहाकर खुद को इस मामले से अलग करना चाहते हैं, लेकिन देशवासी और रामभक्त उन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने टेलीप्रॉम्प्टर पर लिखा हुआ बयान पढ़ा, लेकिन इससे आरएसएस इस महापाप और अपनी जिम्मेदारी से किनारा नहीं कर सकता। उन्होंने इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी निशाना साधा।
आराधना मिश्रा ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य पदाधिकारी आरएसएस-भाजपा से जुड़े हुए हैं और उनकी देखरेख में चढ़ावा चोरी के महापाप को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का संचालन करने वाले चंपत राय बंसल, अनिल मिश्रा और गोपाल राव आरएसएस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरएसएस से पूछा कि क्या वह इस तथ्य से इंकार कर सकता है? यदि आरएसएस वाकई इस घटना से दुखी है, तो उसने इन पदाधिकारियों पर क्या कार्रवाई की? आखिर क्यों इन लोगों पर अभी तक एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है? जो ट्रस्ट के कर्ता-धर्ता बनकर बैठे थे, उनकी जवाबदेही अब तक क्यों तय नहीं की गई?
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों को बचाने का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि इस मामले में छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें ट्रस्ट ने ही नियुक्त किया था। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने अपनी पसंद के लोगों को एसबीआई और संबंधित एजेंसी के जरिए श्रीराम मंदिर में काम पर लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट द्वारा इन लोगों की न कोई जांच हुई और न ही इनकी पृष्ठभूमि के बारे में पड़ताल की गई।
मंदिर में बड़े पैमाने पर हुईं वित्तीय अनियमितताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए आराधना मिश्रा ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश भर से आए चढ़ावे, 1250 शिलाओं और करोड़ों रुपये के आभूषणों का कोई हिसाब नहीं रखा गया। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे से बाहर रखा गया। उनके अनुसार यह पूरी तरह से आरएसएस की परिपाटी है, क्योंकि वह खुद न तो पंजीकृत है, न ही उसका ऑडिट होता है। उन्होंने सवाल किया कि मंदिर में करोड़ों रुपये की लूट का पैसा आखिर कहां गया?
उन्होंने याद दिलाया कि श्रीराम मंदिर का निर्माण 9 नवंबर 2019 को सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के बाद शुरू हुआ। अदालत ने मंदिर निर्माण और ट्रस्ट के गठन की जिम्मेदारी केंद्र की मोदी सरकार को सौंपी थी। इसलिए केंद्र और साथ में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार भी इस घोटाले की जिम्मेदारी से नहीं बच सकतीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की आस्था हमेशा से प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीति करने में रही है।
आराधना मिश्रा ने कहा कि श्रीराम मंदिर के जमीन खरीद घोटाले से लेकर चढ़ावे की चोरी तक, कांग्रेस ने हमेशा साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में इस मामले की जांच कराए जाने की पार्टी की मांग भी दोहराई।


