अन्य खबरउत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश का परचम, मंत्री ए.के. शर्मा ने उपलब्धियों को बताया नगरीय परिवर्तन की नई पहचान

लखनऊ देश के शीर्ष तीन स्वच्छ बड़े शहरों में, वाराणसी नदी तटीय नगरों में शीर्ष स्थान पर; गाजियाबाद बना प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर

लखनऊ : नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश ने नगरीय स्वच्छता एवं प्रबंधन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। इस गौरवपूर्ण अवसर पर राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू  ने उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश के शहरों को सम्मानित किया।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के शहरों की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के बदलते नगरीय स्वरूप, बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक उत्तर प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपना स्थान बरकरार रखा है। वहीं, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने देश के तीन सर्वश्रेष्ठ नदी तटीय नगरों में स्थान प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया है। इसके साथ ही गाजियाबाद प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में उभरा है। ये उपलब्धियां बताती हैं कि उत्तर प्रदेश के नगर अब स्वच्छता और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानकों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंत्री श्री शर्मा ने इन उपलब्धियों के लिए माननीय राष्ट्रपति जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना सभी नगरवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि उन लाखों सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के अथक परिश्रम का सम्मान है, जिन्होंने अपने समर्पण और प्रतिबद्धता से शहरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उनकी प्रेरणा से स्वच्छता अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और नागरिक जिम्मेदारी का विषय बन चुकी है। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री जी के मार्गदर्शन और सहयोग से भी नगरीय विकास के प्रयासों को नई गति मिली है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नगरों को स्वच्छता के साथ-साथ बेहतर आधारभूत सुविधाओं, आधुनिक नगरीय प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और नागरिक सुविधाओं के मानकों पर लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक नगर स्वच्छता और सुव्यवस्थित विकास की नई मिसाल बने तथा यहां रहने वाले नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर जीवन का वातावरण मिले।

मंत्री  ए.के. शर्मा ने विशेष रूप से सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहरों की स्वच्छता के पीछे उनका परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता अभियान में सहभागी नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा इस उपलब्धि को आगे भी बनाए रखने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर  सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव  पी गुरु प्रसाद, सचिव/ निदेशक नगरीय निकाय  अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त  गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button