सिर पर डंडे से वार कर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
शाहपुर के पादरी बाजार का रहने वाला है धनुषचन्द्र साहनी
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में सिर पर डंडे से वार कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पादरी बाजार निवासी धनुषचन्द्र साहनी पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ साहनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वादी के भाई को जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर डंडे से हमला किया था।
घटना के संबंध में 9 नवंबर 2026 को शाहपुर थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 519/2026 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। हमले में घायल व्यक्ति को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धनुषचन्द्र साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।



