लखनऊ परिक्षेत्र की महिला रेलकर्मियों हेतु अयोध्या भ्रमण शिविर

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल कर्मचारी कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। इसी परिप्रेक्ष्य में मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत लखनऊ परिक्षेत्र की महिला रेलकर्मियों के लिए ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। जिसमें 52 महिला रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान सभी महिला प्रतिभागियों ने अयोध्याधाम में भव्य श्री राम मंदिर में दर्शन-पूजन कर हनुमानगढ़ी मंदिर में आशीर्वाद प्राप्त किया तथा लता चौक एवं पवित्र सरयू नदी के तट पर स्थित रामघाट का भ्रमण किया। सरयू तट के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण ने प्रतिभागियों को आत्मिक शांति एवं नई ऊर्जा प्रदान की।
मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिला रेलकर्मियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से जोड़ना, उनके कार्यस्थल के तनाव को कम करना, आपसी सामाजिक जुड़ाव एवं टीम भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में महिला शक्ति आज हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभा रही है। लखनऊ मण्डल में पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित स्टेशन इसका जीवंत उदाहरण हैं। इस प्रकार के कल्याणकारी आयोजनों से महिला कर्मचारियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा एवं कार्य के प्रति नई प्रेरणा का संचार होता है।
मण्डल प्रशासन कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों के कल्याण एवं सशक्तिकरण हेतु निरन्तर प्रतिबद्ध है।


