आईआरआईटीएम, लखनऊ में प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित

लखनऊ : भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में 20 नवंबर, 2026 को प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों, मेट्रो रेल एवं अन्य रेलवे संगठनों के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, एडीजी/आईआरआईटीएम, संजय त्रिपाठी तथा संस्थान के संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य रेल संरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान तथा भारतीय रेल में संरक्षा संबंधी पहलों को और सुदृढ़ करना था।
सम्मेलन का शुभारंभ हितेंद्र मल्होत्रा, महानिदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड के आगमन से हुआ। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया। उपिंदर सिंह, प्रधान कार्यकारी निदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड द्वारा स्वागत संबोधन दिया गया, जिसके बाद जी. वी. एल. सत्य कुमार, महानिदेशक, आईआरआईटीएम, लखनऊ ने संबोधित किया। अपने संबोधन में महानिदेशक/आईआरआईटीएम ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए अनुभवों के आदान-प्रदान, संरक्षा संबंधी चुनौतियों पर चर्चा तथा भारतीय रेल में श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने रेल संरक्षा को सुदृढ़ बनाने में निरंतर सीखने, सहयोग एवं नवाचार की भूमिका को रेखांकित किया।
इसके पश्चात हितेंद्र मल्होत्रा, महानिदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड ने उद्घाटन संबोधन दिया तथा रेल परिचालन में संरक्षा, समन्वय एवं निरंतर सुधार के महत्व पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा संरक्षा विषय पर पीपीटी प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें अपने-अपने क्षेत्र की संरक्षा संबंधी पहल, अनुभव, कार्यप्रणालियों एवं चुनौतियों को साझा किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संरक्षा प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने तथा रेल परिचालन की दक्षता में सुधार हेतु विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।
सीआरआईएस (CRIS) द्वारा सेफ्टी डैशबोर्ड पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें रेल संरक्षा प्रबंधन एवं निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में डिजिटल तकनीक और डेटा आधारित निगरानी की भूमिका को प्रदर्शित किया गया।
सम्मेलन में प्रमुख संरक्षा मुद्दों एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर ओपन हाउस चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न परिचालन चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया तथा रेल संरक्षा को बेहतर बनाने हेतु व्यावहारिक समाधान एवं सुझाव साझा किए।
सम्मेलन का समापन उपिंदर सिंह, प्रधान कार्यकारी निदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड के समापन संबोधन के साथ हुआ, जिसके पश्चात हितेंद्र मल्होत्रा, महानिदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड ने भी समापन संबोधन दिया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी निदेशक/संरक्षा/मैकेनिकल, रेलवे बोर्ड द्वारा प्रस्तुत किया गया।
प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों के इस सम्मेलन ने ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान, संस्थागत समन्वय, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाने तथा संरक्षा मानकों में निरंतर सुधार के माध्यम से भारतीय रेल में सुरक्षित, विश्वसनीय एवं कुशल रेल परिचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ किया।



