देश के विरुद्ध काम करने वाले पुत्र को किया ‘स्वाहा
प्रो. सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह : चौथी शाम

राजवीर रतन
लखनऊ। एक देशभक्त सैनिक विश्वासघात करने वाले इकलौते बेटे तक की जान ले सकता है। ये संदेश रहस्य रोमांच से भरा डेढ़ घण्टे का नाटक ‘स्वाहा’ दे गया। प्रो सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह में चौथी शाम मेजबान दर्पण लखनऊ के कलाकारों ने शुभदीप राहा के लिखे और निर्देशित किये इस नाटक को एक बार फिर मंच पर उतारा।
प्रस्तुति में सूर्य प्रकाश भाटिया को ढाका की पत्रकार शिखा का फ़ोन आता है। वह उन्हें उनके बहादुरी भरे काम के बारे में बताती है, जब उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बांग्लादेश में उसकी जान बचाई थी।
बाद में शिखा, भाटिया से एक मैगज़ीन के लिए इंटरव्यू के लिए रिक्वेस्ट करती है। भाटिया तुरंत उसे घर आकर इंटरव्यू करने की अनुमति दे देता है, लेकिन अगले ही पल उसे अपने गुप्तचर रा एजेंट बेटे मंदार की याद आती है, जिसे घर में किसी भी बाहरी के आने रुकने पर एतराज़ है। कहानी में कई उतार चढ़ाव आते हैं, जिससे शिखा और भाटिया के प्लेटोनिक रिश्ते का पता चलता है। बाद में, शिखा खुद भी रा की एजेंट निकलती है, जो मंदार के सीनियर जस्सी मंदार के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कनेक्शन का सच सामने लाती है। मंदार सोशल मीडिया पर अंग्रेजी कविताएं रचकर पाकिस्तानी एजेंसी को कूट संदेश भेजता रहता है। नाटक का अंत भाटिया द्वारा अपने बेटे को गोली मारकर हत्या करने के साथ होता है।
आज की प्रस्तुति नाटक की पिछली प्रस्तुतियों के मुकाबले ज़्यादा कसी हुई और दर्शकों को बांधे रही। डा अनिल रस्तोगी, डा राकेश कुमार, शुभम कुमार दुबे, मनीषा मेहरा, विकास श्रीवास्तव और वीरेंद्र रस्तोगी सभी का अभिनय प्रस्तुति के अनुरूप रहा। म्यूज़िक भी लाउड नहीं रहा। दो लेवल का सेट विविधता से भरता है। मंच पार्श्व के पक्षों में सैयद लारेब, वंश श्रीवास्तव, मधुसूदन, रोजी दुबे, गोपाल सिन्हा, मनीष सैनी, मनोज वर्मा और अभिजीत पाण्डे का सहयोग रहा।



