डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में चाकारा सबसे आगे; चौहान सबसे आगे रहने वाले भारतीय

लखनऊ : यूजेनियो चाकारा अब 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में अपना तीसरा खिताब जीतने की तैयारी कर रहे हैं। तीसरे राउंड में अभी सात होल और खेले जाने बाकी हैं। चाकारा तीसरे राउंड में 10 होल के बाद 4-अंडर पर थे और दिल्ली गोल्फ क्लब में कुल 47 होल के बाद 14-अंडर पर चल रहे हैं।
दुनिया के 50वें नंबर के इस खिलाड़ी का दिल्ली में रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां चार बार हिस्सा लिया है, जिसमें एक जीत और दो बार टॉप-5 में जगह बनाई है। वे डीएलएफ और डीजीसी (दिल्ली गोल्फ क्लब) दोनों कोर्स पर डीपी वर्ल्ड टूर का खिताब जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन सकते हैं। उनसे पहले एसएसपी चौरसिया ने 2016 और 2017 में ‘इंडियन ओपन’ में लगातार जीत हासिल करके यह उपलब्धि हासिल की थी।
स्पेन के इस खिलाड़ी के पास अपने हमवतन एंजेल हिडाल्गो और नीदरलैंड के जूस्ट लुइटेन पर दो शॉट की बढ़त है; ये दोनों ही खिलाड़ी 12-अंडर पर हैं। तीसरे राउंड में हिडाल्गो 11 होल के बाद 4-अंडर पर थे, जबकि लुइटेन 12 होल के बाद 4-अंडर पर थे।
इनके अलावा तीन अन्य खिलाड़ी – न्यूजीलैंड के डैनियल हिलियर (14 होल के बाद 5-अंडर), पोलैंड के एड्रियन मेरोंक (11 होल के बाद 3-अंडर) और स्कॉटलैंड के स्कॉट जैमिसन (11 होल के बाद 2-अंडर) – टूर्नामेंट में 11-अंडर के स्कोर पर हैं। अपना तीसरा राउंड पूरा करने वालों में, मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के टॉमी फ्लीटवुड (70-69-68) और इटली के ग्रेगोरिया डी लियो (67-74-66) नौ-अंडर के स्कोर के साथ सबसे आगे रहे। यह स्कोर चकारा के मौजूदा 14-अंडर से पांच शॉट पीछे है।
भारतीय खिलाड़ियों में ओम प्रकाश चौहान सबसे आगे रहे। उन्होंने 71 का स्कोर बनाया और लगातार तीसरे दिन ‘पार’ या उससे बेहतर प्रदर्शन किया। 68-72-71 के अपने राउंड के साथ, वे फिलहाल 5-अंडर के स्कोर पर टी-30 (संयुक्त 30वें) स्थान पर हैं। कट पार करने वाले 77 खिलाड़ियों में से केवल 26 ने ही अपना तीसरा राउंड पूरा किया है।
रोरी मैकलरॉय ने 15 होल तक एक ईगल, एक डबल बोगी और चार बोगी लगाईं, जबकि उनके नाम केवल दो बर्डी रहीं। इस तरह वे 2-ओवर पर रहे। टूर्नामेंट में उनका कुल स्कोर 4-अंडर है और वे फिलहाल टी-40 (संयुक्त 40वें) स्थान पर हैं।


