उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

वेणुगोपाल बोले- गोवा के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त, अपराध और बेरोजगारी चरम पर, भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी जनता

नई दिल्ली : कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गोवा की चरमराई हुई कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी पर हमला बोलते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया है।

साथ ही उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के लिए भाजपा-आरएसएस को जिम्मेदार ठहराते हुए बताया कि इस विषय पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गजनवी ने 27 साल में 17 बार सोमनाथ मंदिर को लूटा था, लेकिन भाजपा-आरएसएस से जुड़े ट्रस्टियों ने महज 42 दिन में श्रीराम मंदिर को 70 बार लूटा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता भगवान में आस्था लोगों को बांटने और मंदिर लूटने के लिए रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस महाघोटाले को अंजाम देने वालों को केंद्र और यूपी सरकार का संरक्षण प्राप्त है।

केसी वेणुगोपाल शनिवार को गोवा में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और प्रभारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इसके बाद राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई, जिसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की गई और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया गया।

वेणुगोपाल ने बताया कि पिछले दो दिनों से उन्होंने गोवा कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बदलाव, पदाधिकारियों की नियुक्तियों और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर गहन समीक्षा बैठकें की हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि गोवा की जनता मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों की कीमती जमीनें छीनी जा रही हैं। नियमों में विशेष प्रावधान कर स्थानीय निकायों को पूरी तरह से दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह खुद भ्रष्टाचार में शामिल हैं।

गोवा में बढ़ते अपराध के आंकड़ों को सामने रखते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले चार वर्षों में गोवा में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। इस दौरान राज्य में 127 हत्याएं, 383 बलात्कार, 2,113 चोरी-डकैती के मामले, 354 अपहरण और 1,127 हमले की वारदातें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा, भाजपा के रोजगार के सारे वादे खोखले साबित हुए हैं और आज गोवा में बेरोजगारी दर सबसे ऊंचे स्तर पर है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में राज्य की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

गोवा में दलबदल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की नीति ‘फूट डालो और राज करो’ की थी, लेकिन भाजपा ने अब ‘चोरी करो और राज करो’ तथा ‘तोड़ो और राज करो’ का नया फॉर्मूला निकाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के दम पर अन्य दलों के नेताओं को ब्लैकमेल कर दलबदल को बढ़ावा दे रही है, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।

देश में लगातार हो रहे परीक्षा पेपर लीक मामलों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य पूरी तरह खतरे में है, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान अभी भी शिक्षा मंत्री बने हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button