उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

दिल्ली भाजपा चुनाव कार्यालय का विजयश्री पूजन के साथ हुआ उद्घाटन

दिल्ली के अंदर अरविंद केजरीवाल की राजनीति अब सीमित समय के लिए ही बची है : हरदीप सिंह पुरी

नई दिल्ली :  लोकसभा चुनाव 2024के लिए दिल्ली भाजपा के विशेष चुनाव कार्यालय का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी, लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश धनखड़, सह प्रभारी डा. अल्का गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और अन्य नेताओं के द्वारा सामूहिक पूजन के साथ सम्पन्न हुआ।

पार्टी कार्यालय के पीछे बड़े बाग में लगाये गये विशेष स्वीस टैंट में 400 सीटर एक सभा हाल के साथ विभिन्न चुनाव संचालन समितियों के कक्ष बनाये गये हैं तो वहीं कार्यालय के प्रवेश द्वार के दायीं ओर स्थित बाग में स्वीस टेंट लगा कर प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल, मीडिया कर्मियों के बैठने का स्थान, पार्टी प्रवक्ता कक्ष एवं भोजन कक्ष बनाये गये हैं।

पूजन कार्यक्रम में सांसद डा. हर्षवर्धन और रमेश बिधूड़ी, संगठन महामंत्री पवन राणा, सभी सात प्रत्याशी  मनोज तिवारी,  रामवीर सिंह बिधूड़ी, हर्ष मल्होत्रा, श्रीमति कमलजीत सहरावत,  योगेंद्र चंदोलिया, श्री प्रवीन खंडेलवाल एवं  बाँसुरी स्वराज, चुनाव संचालन समिति संयोजक  अजय महावर, पूर्व अध्यक्ष  विजेन्द्र गुप्ता एवं  आदेश गुप्ता के आलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता, चुनाव संचालन समिति सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता सम्मलित हुए।

स्वागत भाषण में प्रदेश अध्यक्ष  वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्प ले चुके हैं और इसी संकल्प में आहूति डालने के लिए हमारे सातों प्रत्याशी लगतार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारा सौभाग्य है कि  ओ. पी. धनखड़ जी लोकसभा चुनाव में हमारे मार्गदर्शक रहेंगे।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के अंदर बुराई पर अच्छाई का त्योहार प्रारंभ हो चुका है और दिल्ली उस दिशा में जा रही है जब भाजपा का एक कार्यकर्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि चुनाव से पहले बचे बाकी समय में हमें इस बात का संकल्प लेना होगा कि हमें मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में सरदार हरदीप सिंह पुरी ने अरविंद केजरीवाल के पिछले कुछ दिनों से चल रहे नौटंकी पर कहा कि अरविंद केजरीवाल शुरु से ही झूठ और अपनी कमियों का आरोप दूसरे पर लगाते रहे हैं। जब दिल्ली प्रदूषण के कारण गैस चैम्बर बन गई थी तो उन्होंने पूरा दोष पंजाब के ऊपर डाल दिया लेकिन जब पंजाब में सरकार बनी तब और बदतर हालात हो गए हैं।

सरदार हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें बिना किसी कारण के गिरफ्तार कर लिया गया जबकि वह इस बात को क्यों नहीं बताते कि नवम्बर 2023 से नौ सम्मन के बाद उन्हें ईडी ने 10वें सम्मन पर गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर अरविंद केजरीवाल की राजनीति अब सीमित समय के लिए ही बची है।

ओम प्रकाश धनखड़ ने दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति अपने प्रथम सम्बोधन में कहा कि आगामी चुनाव के लिए हमें संकल्पित होकर आगे बढ़ना है और उसके लिए हमें संकल्प लेना होगा कि 25 मई तक हमें विकसित भारत के लिए संकल्पित रहना होगा और हमारा लक्ष्य है कि हमें अपने बूथ पर विजय प्राप्त करना होगा क्योंकि अगर हम अपना पूर्णांक देंगे तभी किसी को पूर्णांक देने के लिए कह पाएंगे।

धनखड़ ने कहा कि 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस है इसलिए हर लोकसभा में हमें 2 लाख झंडे लगाना होगा, 9 अप्रैल को नववर्ष प्रतिपदा है तो इस अवसर पर प्रत्येक बूथ पर छोटा हवन कराएंगे। 14 अप्रैल को बाबा भीमराव अम्बेडकर के जन्म जयंती के अवसर पर हमें हर एक बूथ पर अम्बेडकर जयंती मनाना है। उन्होंने आगे संकल्प लिया कि 17 अप्रैल को आगामी रामनवमी के मौके पर दिल्ली के अंदर कोई भी घर नहीं बचना चाहिए। इसके साथ ही 23 अप्रैल को हनुमान जयंती को सभी बूथ स्तर पर हनुमान चालीसा का पाठ का आयोजन करवाया जाएगा।

डा. अल्का गुर्जर ने कहा  कि दिल्ली के अंदर इतने अनुभवी कार्यकर्ता है जिनसे हमें काफी सहायता मिलती है और क्योंकि चुनाव में अभी लंबा वक्त है इसलिए दिल्ली के सभी वर्ग महिला, युवा, किसान और गरीब वर्ग के पास जनसंपर्क कर उनके पास मोदी सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का काम करेंगे और साथ ही लाभार्थियों से संपर्क करना जरुरी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button