बस्ती और खलीलाबाद में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को संरक्षित रेल यात्रा के लिए जागरूक किया गया

लखनऊ । मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में मण्डल के बस्ती और खलीलाबाद रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक मंचन के माध्यम से यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को संरक्षित रेल यात्रा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इस दौरान बस्ती-गोविंदनगर रेल खंड के मध्य समपार स. 199 स्पेशल, 198ए और खलीलाबाद-चुरेब रेल खंड के मध्य समपार स. 180 स्पेशल पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को बंद रेलवे फाटक के नीचे से पार न करने, बंद फाटक खोलने हेतु गेट मैन पर दबाव न देने, ट्रैक पर गंदगी न करने, ट्रैक पर जानवर न ले जाने, और ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने के विषय में जागरूक किया गया।
इसी क्रम में त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बस्ती स्टेशन पर 5 विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम और पैम्फलेट बांटकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें ट्रेन में पटाखे इत्यादि न ले जाने और ट्रेनों में पटाखे न फेंकने के संबंध में काउंसिल किया गया।
इस कार्यक्रम में संरक्षा सलाहकार/समाडि विद्या भूषण पांडेय, संरक्षा सलाहकार यातायात मधुराम, उप निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल खलीलाबाद की टीम और काकुल फाउंडेशन की टीम की उपस्थिति में लोगों को पैम्फलेट वितरण करके जागरूक किया गया।



