उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए व्यापक तैयारियां

प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, CCTV निगरानी एवं अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था

लखनऊ : दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। लखनऊ, वाराणसी जंक्शन, अयोध्या धाम एवं अयोध्या कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, टिकटिंग, यात्री सुविधाओं एवं विशेष ट्रेनों के संचालन की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
लखनऊ स्टेशन के पीआरएस भवन में होल्डिंग एरिया उपलब्ध कराया गया है तथा प्लेटफॉर्मों पर 26 अस्थायी शेल्टर लगाए गए हैं। वाराणसी जंक्शन पर 400 से 500 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है। वहीं अयोध्या धाम एवं अयोध्या कैंट स्टेशनों पर 2,500-2,500 यात्रियों की क्षमता वाले अतिरिक्त होल्डिंग एरिया प्रस्तावित हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत लखनऊ, वाराणसी जंक्शन एवं अयोध्या धाम स्टेशनों पर कुल 386 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। लखनऊ एवं वाराणसी जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल के 45-45 जवान प्रति शिफ्ट तथा अयोध्या धाम स्टेशन पर 17 जवान प्रति शिफ्ट तैनात रहेंगे। बैगेज स्कैनर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी व्यवस्था की गई है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मंडल से होकर चलने वाली 54 जोड़ी विशेष ट्रेनों के कुल 1,704 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 09 से 13 नवम्बर 2026 के मध्य आवश्यकता के अनुसार 10 TOD विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने की योजना है। लखनऊ स्टेशन पर 7 अतिरिक्त रेक उपलब्ध रखे जाएंगे। साथ ही 8 नियमित ट्रेनों में निर्धारित अवधि के दौरान एक-एक अतिरिक्त शयनयान कोच लगाया जा रहा है।
टिकटिंग सुविधा के लिए लखनऊ स्टेशन पर 23, वाराणसी जंक्शन पर 24 तथा अयोध्या धाम एवं अयोध्या कैंट स्टेशनों पर 7-7 ATVM उपलब्ध हैं। अयोध्या के दोनों स्टेशनों पर रेलवन ऐप से टिकट बुकिंग के लिए 15-15 मोबाइल QR कोड भी लगाए गए हैं। अयोध्या धाम स्टेशन पर यात्री सुविधा केंद्र एवं 24 घंटे मिनी कंट्रोल रूम संचालित है। वाराणसी जंक्शन पर 75 LED स्क्रीन तथा लखनऊ स्टेशन पर तीनों प्रवेश द्वारों पर पूछताछ सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मंडल स्तर पर विशेष वार रूम के माध्यम से प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से भीड़ प्रबंधन किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे स्टेशन पर निर्धारित कतार एवं होल्डिंग एरिया का पालन करें तथा रेल प्रशासन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। किसी भी प्रकार की सहायता अथवा शिकायत के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 एवं RailMadad का उपयोग करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button