उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अन्तर्गत कराये जा रहे विकास एवं निर्माण की जनपद एवं परियोजनावार हुई समीक्षा
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने की अध्यक्षता

लखनऊः प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में विधान भवन स्थित पुस्तकालय सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई, जिसमें खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अन्तर्गत कराये जा रहे विकास एवं निर्माण की जनपद एवं परियोजनावार समीक्षा की गई।

विभागीय विकास एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की मन्शा के अनुरूप विकास एवं निर्माण कार्यों को मानक एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समयबद्व परियोजनाओं को पूर्ण करें।

कतिपय कारणवश यदि परियोजनाएं समयबद्व नही पूर्ण हो पा रही है, तो उन कारणों का यथाशीघ्र निराकरण करते हुए परियोजनओं को अतिशीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि जो परियोजनाएं संचालित है और प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन परियोजनाओं का उपभोग प्रमाण पत्र (यू0सी0) तत्काल मुख्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हे अवशेष धनराशि अवमुक्त की जा सके। साथ ही उन्होने यह भी कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो गई है, उनके हस्थानान्तरण की कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण कराये तथा जनपदीय अधिकारी खेल सुविधाओं को युवाओं हेतु उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। ठेकेदारों पर पूर्ण रूप से निर्भर न रहने की हिदायत भी दी।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद स्तरीय जो परियोजनाएं अभी संचालित है, उनकी समीक्षा मुख्यालय स्तर पर भी निरन्तर की जाये और यदि किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है, तो उसका निराकरण भी मुख्यालय स्तर से किया जाये, ताकि परियोजनाएं समयबद्व गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सके।
बैठक में अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल ने खेल विभाग द्वारा कराये जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों के विषय विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी व कार्यदायी सस्थाओं ने भाग लिया।


