बाजार खाला में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 16 गिरफ्तार 1.27 लाख रुपये बरामद
नन्दाखेड़ा मिलएरिया स्थित मकान में चल रही थी जुए की गतिविधि, ताश के पत्ते भी मिले

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के कथित अड्डे पर छापेमारी कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नन्दाखेड़ा मिलएरिया स्थित एक मकान में ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा था। मौके से पुलिस ने 1 लाख 27 हजार 150 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और ताश की तीन गड्डियां बरामद की हैं।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 21 अक्टूबर को थाना बाजारखाला पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि नन्दाखेड़ा मिलएरिया निवासी अंकित वर्मा के मकान में जुए की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने सभी 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में विदित पाण्डेय, अंकित वर्मा, अनुपम गुप्ता, अनुराग राजपूत, कुनाल निषाद, सवाब आलम, फरीद, सैय्यद असफाक, संदीप मिश्रा, सोहन कश्यप, अंकित मिश्रा, सुधीर, पवन, पवन चौहान, राजबाबू और मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संबंधित मकान में जुआ खेलने और खिलवाने की गतिविधि संचालित किए जाने की जानकारी मिली थी।
इस मामले में थाना बाजारखाला में मुकदमा संख्या 193/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त रंजीत कुमार, प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह समेत थाना बाजारखाला की पुलिस टीम शामिल रही।



