उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ मंडल में राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सवः 2026 का शुभारंभ

दस राज्यों के लगभग 270 कब-बुलबुल एवं लीडर्स ले रहे हैं प्रतिभाग

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लखनऊ मंडल के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सव-2026 का शुभारंभ उत्साह, उमंग एवं उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ जिला प्रशिक्षण केंद्र, ऐशबाग, लखनऊ में हुआ। दिनांक 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस पाँच दिवसीय राष्ट्रीय उत्सव में देश के दस राज्यों से आए लगभग 270 कब-बुलबुल एवं उनके लीडर्स प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने कब एवं बुलबुल बच्चों ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का मन मोह लिया।
इस दौरान समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में  श्रुति गुप्ता, अध्यक्षा, मण्डल महिला कल्याण संगठन तथा अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) श्भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन)  नीतू उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में जिला आयुक्त स्काउट विजय आनंद वर्मा, जिला आयुक्त गाइड डॉ. रंजन पाटनी तथा राष्ट्रीय मुख्यालय से पधारी डिप्टी डायरेक्टर, गाइड प्रोग्राम श्रीमती सुरेखा श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय की टीम, राज्य मुख्यालय एवं जिला संघ के पदाधिकारियों, विभिन्न राज्यों से आए लीडर्स तथा स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़े अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को उनके व्यक्तित्व विकास एवं जीवनोपयोगी गुणों के संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सव का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग, सेवा, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। इस पाँच दिवसीय उत्सव के दौरान बच्चों को विभिन्न शैक्षिक, रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। रेलवे प्रशासन ने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों में सेवा भावना, अनुशासन, सद्भावना एवं राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सवः 2026 का यह शुभारंभ समारोह बच्चों के उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ एक यादगार शुरुआत बना। आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से यह उत्सव प्रतिभागियों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने, नई मित्रताएँ विकसित करने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button