महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडेय ने किया लखनऊ–कानपुर रेलखंड का निरीक्षण
अमृत भारत स्टेशनों के विकास कार्यों की समीक्षा

लखनऊ : महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडेय ने 24 अक्टूबर, 2026 को लखनऊ–कानपुर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा सहित गति शक्ति एवं लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद वे मानक नगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन उन्नयन कार्यों का जायजा लिया। तत्पश्चात महाप्रबंधक ने उन्नाव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टेशन बिल्डिंग निर्माण कार्य , पुनर्विकास कार्यों, प्रतीक्षालयों एवं अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों से संवाद भी किया।
निरीक्षण के अगले क्रम में महाप्रबंधक ने कानपुर पुल बायां किनारा रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष, प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर फर्श निर्माण, यात्री सुविधाओं तथा स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत कर स्टेशन के पुनर्विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित जानकारी साझा की।
इसके बाद कानपुर- लखनऊ रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलपथ की स्थिति और सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अमौसी स्टेशन के निकट समपार संख्या 78 पर उन्होंने कार्यरत गैंगमैनों से बातचीत की तथा उनके कार्यों और रेलपथ के रखरखाव से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली।
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एनआरएमयू (NRMU) के मंडल मंत्री विभूति मिश्रा ने यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडेय से मुलाकात की तथा कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।



