JOJO OTT पर 27 अगस्त से स्ट्रीम होगी ‘धबकारो’, दुनिया भर के गुजराती दर्शकों के लिए खास डिजिटल प्रीमियर

अहमदाबाद : गुजराती सिनेमा की बेहतरीन और समृद्ध कहानियों को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहे प्रमुख OTT प्लेटफॉर्म JOJO ने अपनी नई पेशकश की घोषणा की है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘हेल्लारो’ के निर्देशक अभिषेक शाह की चर्चित गुजराती फिल्म ‘धबकारो’ का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 27 अगस्त 2026 को JOJO OTT पर होगा। फिल्म को दुनियाभर में मौजूद गुजराती दर्शक एक्सक्लूसिव तौर पर JOJO ऐप पर देख सकेंगे।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट, द मूविंग मंच और हरफनमौला फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘धबकारो’ एक भावनात्मक और मानवीय कहानी है, जो जीवन, रिश्तों, पश्चाताप और बदलाव जैसे संवेदनशील पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है। फिल्म में दिग्गज अभिनेता देवेन भोजानी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि आर्जव त्रिवेदी, कुमुद मिश्रा, तेजल पंचासरा और सनत व्यास ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में अपने दमदार अभिनय से कहानी को मजबूती दी है।
फिल्म का निर्माण यतीन पंचासरा, कंदीसा पंचासरा, अमर देसाई, जैमिन पटेल, आयुष पटेल, अभिषेक शाह, मीत जानी और प्रतीक गुप्ता ने किया है। दीप्ति दिनेश जिंदल एसोसिएट प्रोड्यूसर और बंसरी घाघड़ा को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन अभिषेक शाह ने किया है, जबकि इसका संगीत मेहुल सुरती ने तैयार किया है।
JOJO App के फाउंडर और CEO ध्रुविन शाह ने कहा, “JOJO का उद्देश्य दुनिया भर में रहने वाले गुजराती दर्शकों तक बेहतरीन और विश्वस्तरीय गुजराती स्टोरीटेलिंग पहुंचाना है। ‘धबकारो’ जैसी संवेदनशील और प्रभावशाली फिल्म को 27 अगस्त से हमारे प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करना हमारे लिए गर्व की बात है। अभिषेक शाह की कहानी कहने की खास शैली और देवेन भोजानी सहित पूरी स्टार कास्ट का शानदार अभिनय इस फिल्म को खास बनाता है। हमें विश्वास है कि थिएटर के बाद JOJO पर भी ‘धबकारो’ को दर्शकों का उतना ही प्यार और सराहना मिलेगी।”
फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने कहा, “गुजराती सिनेमा अपनी मजबूत कहानियों और प्रभावशाली स्टोरीटेलिंग के लिए जाना जाता है। ‘धबकारो’ के जरिए गुजराती सिनेमा से जुड़ना नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के लिए एक विशेष अनुभव रहा है। JOJO के साथ साझेदारी के माध्यम से इस खूबसूरत कहानी को दुनिया भर के गुजराती दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। हमें उम्मीद है कि यह फिल्म क्षेत्रीय सिनेमा की पहुंच को और व्यापक बनाएगी।”
निर्देशक अभिषेक शाह ने कहा, “‘धबकारो’ मेरे लिए बेहद खास और भावनात्मक फिल्म है। यह सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, अपने अतीत का सामना करने और जीवन में मिले दूसरे मौके को समझने की कहानी है। देवेन भोजानी सहित पूरी कास्ट ने अपने शानदार अभिनय से इस कहानी को जीवंत किया है। JOJO के माध्यम से यह फिल्म दुनियाभर के गुजराती दर्शकों तक पहुंच रही है, यह मेरे लिए बेहद खुशी और संतोष की बात है।”
‘धबकारो’ की कहानी एक धनी और कठोर स्वभाव वाले व्यापारी डाह्याभाई के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार देवेन भोजानी ने निभाया है। हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद डाह्याभाई के जीवन और सोच में गहरा बदलाव आता है। अपने अतीत में की गई गलतियों और लोगों के साथ हुए अन्याय का एहसास होने के बाद वह उनसे माफी मांगने और अपने किए का प्रायश्चित करने की भावनात्मक यात्रा पर निकलता है। फिल्म इसी बदलाव और आत्मबोध के सफर को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है।
JOJO अपने प्लेटफॉर्म पर गुजराती दर्शकों के लिए फिल्मों, वेब सीरीज, नाटकों और संगीत सहित विविध प्रकार का प्रीमियम कंटेंट उपलब्ध करा रहा है। ‘धबकारो’ के वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर के साथ प्लेटफॉर्म गुजराती सिनेमा की मजबूत कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ा रहा है।



