प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी ने जंतर-मंतर क्षेत्र में चलाया विशेष स्वच्छता, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण अभियान : कुलजीत सिंह चहल
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल पूरी रात मौके पर मौजूद रहकर सफाई एवं पुनर्स्थापन कार्यों की निगरानी करते रहे

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के विज़न से प्रेरित होकर तथा नई दिल्ली में जनजीवन और यातायात को जल्द सामान्य बनाने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल प्रदर्शन समाप्त होते ही जंतर-मंतर पहुँचे। वे पूरी रात मौके पर मौजूद रहे और सफाई, कचरा हटाने, मरम्मत तथा पुनर्स्थापन कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य जल्द और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कार्य पूरा होने के बाद उन्होंने दोपहर फिर से जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा यह सुनिश्चित किया कि पूरा क्षेत्र साफ, सुरक्षित और आम नागरिकों के लिए पूरी तरह तैयार है।
श्री चहल ने कहा कि इस अभियान में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सिविल इंजीनियरिंग तथा उद्यान विभागों ने संयुक्त रूप से कार्य किया। रात से दिन तक 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में भाग लेते हुए सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों, हरित पट्टियों, दीवारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई, धुलाई, मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का कार्य किया।
श्री चहल ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद ही एनडीएमसी की टीमें सक्रिय हो गई थीं और परिषद द्वारा पूरे प्रदर्शन स्थल की सफाई किसी भी अन्य प्रतीकात्मक सफाई गतिविधि से पहले ही पूरी कर ली गई थी।
निरीक्षण के दौरान श्री चहल ने सिविल इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों की समीक्षा की। विभाग द्वारा लगभग 50 कर्मचारियों की तैनाती की गई। 4 जेटिंग मशीनों से सड़कों एवं फुटपाथों की धुलाई, दीवारों पर लिखे नारों को हटाकर पुनः रंगाई-पुताई, क्षतिग्रस्त कर्ब स्टोन तथा फुटपाथों की मरम्मत का कार्य किया गया।
श्री चहल ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि रातभर 75 सफाई कर्मचारी तथा सुबह से 35 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात रहे। अभियान के दौरान लगभग 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके लिए 8 ऑटो टिपर, 2 भारी ट्रक, 1 जेसीबी तथा 3 हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया।
श्री चहल ने उद्यान विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। विभाग ने हरित पट्टियों, डिवाइडरों एवं उद्यान क्षेत्रों की सफाई, रखरखाव एवं पुनर्स्थापन का कार्य कर क्षेत्र की हरियाली और सौंदर्य को पुनः स्थापित किया।
इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि “प्रदर्शन समाप्त होते ही एनडीएमसी की सभी टीमें तत्काल मैदान में उतर गईं। जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय रोड, संसद मार्ग, जयसिंह रोड, जनपथ तथा कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर सफाई, धुलाई और मरम्मत का कार्य किया गया। हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात एवं दिनभर लगातार कार्य करते रहे, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा क्षेत्र शीघ्र सामान्य स्थिति में लौट सके।”
श्री चहल ने सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनडीएमसी के कर्मचारी परिषद की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने पूरी रात कार्यरत कर्मचारियों एवं फील्ड स्टाफ से संवाद कर उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की तथा उन्हें इसी प्रतिबद्धता के साथ नागरिक सेवा में कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
अंत में श्री चहल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अभियान बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने तथा स्वच्छ और सुंदर राजधानी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
श्री चहल ने कहा कि एनडीएमसी भविष्य में भी किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन अथवा प्रदर्शन के उपरांत त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों को शीघ्र स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
कुलजीत सिंह चहल ने पूरी रात एवं दिनभर कार्यरत एनडीएमसी के अधिकारियों, अभियंताओं, सफाई कर्मचारियों एवं फील्ड स्टाफ के समर्पण और अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी की पूरी टीम ने दिन-रात कार्य कर क्षेत्र को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाने का उत्कृष्ट कार्य किया है।


