ICFD दिव्यांगजन क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 का आयोजन, दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच

लखनऊ। खेल जगत जल्द ही एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक आयोजन का गवाह बनने वाला है। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट महासंघ द्वारा आगामी 12, 13 और 14 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में तीन दिवसीय ICFD दिव्यांगजन क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस चैंपियनशिप की तैयारियों और रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए हाल ही में उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष श्री त्रिभुवन राम ने की।
अध्यक्ष श्री त्रिभुवन राम ने जानकारी दी कि यह एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगी, जिसमें देश के 16 राज्यों से चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन दिव्यांग क्रिकेट के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।
इस चैंपियनशिप की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसका समावेशी स्वरूप है। महासंघ के सचिव डॉ. ए. वाहिद सिद्दीकी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन विशेष रूप से उन खिलाड़ियों के लिए किया जा रहा है, जिनकी शारीरिक दिव्यांगता 40% से 70% या उससे अधिक है।
विशेष रूप से, इस वर्ष पहली बार सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित खिलाड़ियों को भी क्रिकेट में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। अब तक इन खिलाड़ियों के लिए खेल के अवसर काफी सीमित थे, लेकिन महासंघ के इस निर्णय से उन्हें मुख्यधारा की खेल गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
खिलाड़ियों को निष्पक्ष और समान अवसर प्रदान करने के लिए इस चैंपियनशिप में कैटेगरी एवं क्लासिफिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। डॉ. सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि इस प्रणाली के जरिए विभिन्न प्रकार की लोकोमोटर दिव्यांगता से प्रभावित खिलाड़ियों को उनकी कार्यात्मक क्षमता के अनुसार टीम में शामिल किया जाएगा। डॉ. सिद्दीकी स्वयं राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में नेशनल क्लासिफायर के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं, जिससे इस प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित होगी।
इस आयोजन में मोबिलिटी इंडिया फाउंडेशन सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संस्था के अध्यक्ष श्री हरि किशोर तिवारी ने बताया कि मोबिलिटी इंडिया फाउंडेशन 1996 से दिव्यांगों के सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और खेल प्रोत्साहन के लिए कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान चैंपियनशिप की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मैदान आरक्षण, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधाएँ और वित्तीय प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
इस बैठक में उ.प्र. ब्लाइंड फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दिवाकर राय, डॉ. अहसान अमीन, श्री तुषार नागर, अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी श्री ब्रजेन्द्र सिंह, श्री नफीस और श्री मिन्हाज फारुकी सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
यह चैंपियनशिप केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि यह देश भर के दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करने और उनके आत्म-सम्मान एवं आत्मविश्वास को नई दिशा देने की एक बड़ी पहल है।



