उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

प्रॉपर्टी पर कब्जा, बुजुर्ग सास को धमकी देकर घर से निकाला, गोमती नगर में रिश्तों का कत्ल!

​तहरीर ठंडे बस्ते में, बुजुर्ग महिला दफ्तरों के चक्कर में

गोमती नगर (लखनऊ ) । जी हां, वही इलाका जहां की चौड़ी सड़कें, आलीशान बंगले और चमचमाती लाइटें देखकर लगता है कि सभ्यता यहीं आकर ठहर गई है। लेकिन इसी संस्कारी और हाई-प्रोफाइल इलाके से तहजीब को शर्मसार करने वाली एक ऐसी तस्वीर आई है, जिसे देखकर कलयुग भी शरमा जाए और त्रेतायुग के श्रवण कुमार स्वर्ग में बैठे-बैठे अपना सिर पीट लें।

मामला एक बुजुर्ग महिला, गीता त्रिपाठी का है। विडंबना देखिए, जिस उम्र में इंसान को राम-नाम जपना चाहिए और नाती-पोतों के साथ वक्त बिताना चाहिए, उस उम्र में यह बुजुर्ग महिला लखनऊ की सड़कों पर न्याय नाम की उस चिड़िया को ढूंढ रही हैं, जो शायद गोमती नगर थाने की फाइलों में कहीं सो गई है।

कहानी में दुख का ओवरडोज है, लेकिन हमारी संवेदनहीन व्यवस्था के लिए यह शायद रोज का रूटीन है। पीड़िता के पति और दो बेटों की बीमारी से मौत हो चुकी है। अब जब घर में कोई मर्दानगी का प्रतीक नहीं बचा, तो दोनों पुत्रवधुओं ने अपनी आंतरिक शक्तियों को जगाया और अपनी ही सास को अमानवीय ट्रीटमेंट देकर घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया। वाह! इसे कहते हैं महिला सशक्तिकरण का बिल्कुल नया और विकृत रूप जहां एक महिला ही दूसरी बुजुर्ग महिला को बेघर कर रही है।

बुजुर्ग मां ने अपनी सुरक्षा और भविष्य के लिए अपनी संपत्ति कानूनी तौर पर अपनी बेटी के नाम कर दी। अब भाई, जब संपत्ति हाथ से निकल गई, तो बहुओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचना लाजिमी था। आरोप है कि उन्होंने संपत्ति पर अवैध कब्जा तो जमाया ही, साथ ही सास, उनके ड्राइवर और मददगारों को परलोक भेजने यानी जान से मारने की धमकियां भी देनी शुरू कर दीं।

अब आते हैं हमारी व्यवस्था के सबसे मुख्य किरदार पर गोमती नगर थाना पुलिस।

गीता त्रिपाठी जी ने थाने में तहरीर दी, न्याय की गुहार लगाई। लेकिन पुलिस शायद किसी बड़े वीआईपी की सुरक्षा में व्यस्त थी या फिर उन्हें लगा होगा कि सास-बहू का घरेलू झगड़ा है, टीवी सीरियल की तरह खुद ही सुलझ जाएगा। तहरीर दिए जमाना बीत गया, लेकिन पुलिस की गाड़ी का पहिया टस से मस नहीं हुआ। नतीजा? बुजुर्ग महिला आज अपनी बेटी-दामाद के घर शरण लेने को मजबूर हैं और अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर अपनी चप्पलें घिस रही हैं।

शायद पुलिस विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है, क्योंकि हमारे यहां नियम है कि जब तक पानी सिर के ऊपर न गुजर जाए, तब तक प्रभावी कार्रवाई के दर्शन नहीं होते।

गोमती नगर के इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कागजों पर वरिष्ठ नागरिक अधिनियम और महिला सुरक्षा के कानून जितने चमकीले दिखते हैं, जमीन पर उनकी रोशनी उतनी ही धुंधली है। गीता त्रिपाठी जी न्याय की उम्मीद में भटक रही हैं। देखना यह है कि लखनऊ पुलिस की नींद कब टूटती है, या फिर बुजुर्गों को यूं ही अपनो से पिटकर और अपनों से ही डरकर जीने की आदत डाल लेनी चाहिए?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button