लखनऊ बार चुनाव, सुरक्षा और सुविधा के संकल्प के साथ श्रेया श्रीवास्तव ने भरा पर्चा

मोहम्मद सैफ (साबरी)
लखनऊ। लखनऊ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संयुक्त मंत्री पद की प्रत्याशी श्रेया श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं और समर्थकों के भारी हुजूम के बीच अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर पूर्व वरिष्ठ संयुक्त मंत्री रजनीकांत दुबे ने श्रेया श्रीवास्तव का पुरजोर समर्थन करते हुए उन्हें अधिवक्ता हितों के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार बताया।
*अधिवक्ता सुरक्षा सर्वोपरि, हाईटेक चेकिंग और बुनियादी सुविधाओं के वादे के साथ मैदान में उतरीं श्रेया श्रीवास्तव,*
नामांकन के बाद सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रजनीकांत दुबे भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, श्रेया मेरी छोटी बहन और बेटी के समान है। मैं सभी अधिवक्ता साथियों से अपील करता हूँ कि उन्हें वोट देकर मजबूत करें ताकि वह कचहरी में वकीलों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा सकें। उन्होंने नामांकन में शामिल हुए सभी अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साथियों का यह स्नेह ही उनकी असली शक्ति है।
प्रत्याशी श्रेया श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कचहरी परिसर की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन और वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज कचहरी में अपराधियों का टहलना एक बड़ी चुनौती बन गया है। उनके मुख्य चुनावी संकल्प निम्नलिखित हैं।
हाईटेक चेकिंग, परिसर के प्रवेश द्वारों पर हाईटेक चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी। निगरानी तंत्र, कौन व्यक्ति किस वकील के चैंबर में जा रहा है और क्यों जा रहा है, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अपराध नियंत्रण, अपराधियों की खुलेआम आवाजाही पर लगाम लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
महिला अधिवक्ताओं और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान, श्रेया श्रीवास्तव ने केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि परिसर में बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने वादा किया कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद वे इन कार्यों को पूरा कराएंगी, स्वतंत्र महिला ब्लॉक, महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग से बैठने का कक्ष (कॉमन रूम) बनवाया जाएगा। सुलभ शौचालय, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग और आधुनिक सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा ताकि महिला वकीलों को असुविधा का सामना न करना पड़े। परिसर में डाकखाना, अधिवक्ताओं को डाक संबंधी कार्यों के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए कचहरी परिसर के भीतर ही एक विशेष डाकखाना खुलवाया जाएगा।
नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे अधिवक्ताओं ने श्रेया श्रीवास्तव और रजनीकांत दुबे के पक्ष में नारे लगाए। रजनीकांत दुबे ने अंत में विश्वास जताते हुए कहा कि श्रेया की जीत बार की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए एक नया अध्याय लिखेगी।



