उत्कृष्ट संरक्षा सेवाओं हेतु 03 कर्मचारी सम्मानित

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा ‘सेफ्टी अवार्ड’ प्रदान किए गए। सम्मानित किए गए कर्मचारियों में श्री विनय कुमार गौड़ (पॉइंट्समैन/अयोध्या धाम जं.), श्री शिवशंकर (गेटमैन/निहालगढ़) एवं श्री कमलेश कुमार (लोको पायलट/रायबरेली) शामिल हैं।
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान सतर्कता, समझदारी और साहस का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन के दौरान ट्रैक पर अवरोध या अन्य तकनीकी समस्या को देखते ही इन्होंने तुरंत आवश्यक कार्रवाई की, संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और गाड़ियों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि “रेल संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन कर्मचारियों ने सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ संभावित दुर्घटनाओं को टालने का कार्य किया है, वे वास्तव में प्रशंसा के पात्र हैं। ऐसे उदाहरण पूरे मंडल के लिए प्रेरणादायी हैं और हम सभी को संरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की सीख देते हैं।”



