स्वर्गीय मदनलाल खुराना जी की पुण्य तिथि पर दिल्ली भाजपा ने श्रद्धांजली अर्पित की
खुराना जी कर्मठता, स्पष्टवादिता और जनसेवा के प्रतीक थे : हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आज पूर्व राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदनलाल खुराना जी की पुण्य तिथि 27 अक्टूबर पर विधानसभाध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता एवं पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी दर्शना जरदोश, सांसद योगेन्द्र चांदलिया ने वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ उन्हे श्रद्धांजली अर्पित की। इस अवसर पर मदनलाल खुराना की पत्नी राज खुराना, पुत्र विधायक हरीश खुराना, पुत्रवधू वंदना विमल खुराना एवं नाती श्री संयम छाबड़ा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, ओ.पी. बब्बर एवं वेदव्यास महाजन, पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता, प्रदेश पदाधिकारियों विष्णु मित्तल, सतीश गर्ग, प्रवीण शंकर कपूर, रंजीत कश्यप, सारिका जैन, कैलाश जैन, संतोष पाल, अमित गुप्ता आदि ने भी मदनलाल खुराना के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा है कि आज दिल्ली के विकास पुरुष, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल और हमारे प्रेरणास्रोत श्रद्धेय मदनलाल खुराना जी की पुण्य तिथि पर मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
उन्होने कहा कि खुराना जी कर्मठता, स्पष्टवादिता और जनसेवा के प्रतीक थे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने दिल्ली को नई दिशा दी – फ्लाईओवर, बिजली, पानी और जनकल्याणकारी योजनाओं से राजधानी को आधुनिक बनाया। संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने भाजपा की जड़ों को मजबूत किया।
उनका जीवन सादगी, राष्ट्रभक्ति और गरीबों के प्रति समर्पण का उदाहरण है। खुराना जी का “दिल्ली को दिल्ली वालों का हक” वाला सपना हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज हम संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर दिल्ली को विकसित और सशक्त बनाएंगे। “ऐसे नेता युगों में एक बार आते हैं”
दिल्ली भाजपा सह प्रभारी दर्शना जरदोश ने कहा कि मदनलाल खुराना जी दिल्ली के विकास पुरुष और जनसेवा के पर्याय थे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राजधानी को आधुनिक बनाया और भाजपा को संगठनात्मक मजबूती दी। उनकी सादगी, राष्ट्रभक्ति और गरीबों के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। पुण्य तिथि पर शत-शत नमन। उनके आदर्शों पर चलकर हम “विकसित दिल्ली” के संकल्प को पूरा करेंगे।



