दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने रेखा गुप्ता सरकार द्वारा जल बिलों पर लगे लेट पेमेंट सरचार्ज की माफ़ी योजना लागू करने और अनाधिकृत कनेक्शन नियमितीकरण योजना लाने का स्वागत किया

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भाजपा की श्रीमती रेखा गुप्ता सरकार द्वारा पानी के बिलों में लगे लेट सरचार्ज को पूरी तरह से माफ करने के फैसले का स्वागत किया है और दिल्लीवालों को बधाई देते हुए कहा कि पिछली सरकार द्वारा पानी के बिल के नाम पर दिल्लीवालों को लूटने का काम किया गया था, उस पर भाजपा सरकार ने रोक लगाई है और मात्र आठ महीनों के अंदर ही एक और चुनावी वायदा हमने पूरा करने का काम किया है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने श्रीमती रेखा गुप्ता सरकार को विशेष रुप से अनाधिकृत कनेक्शन नियमितीकरण योजना लागू करने के लिए बधाई दी है और कहा है कि पिछले 10 वर्षों से अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों की मांग के बावजूद आम आदमी पार्टी के नेता कोई स्कीम नही लाये और गरीब लोगों को पानी और बिजली का अवैध कनेक्शन लेकर चोरी करने पर मजबूर किया लेकिन अब सरकार ने फैसला लिया है कि मात्र एक हजार रुपये में कनेक्शन कराया जाएगा। जो नियमितीकरण पैनाल्टी 25000 रुपये की थी उसे घटाकर एक हजार रुपये करना एक सराहनीय कदम है।
श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार जनता की सरकार है और लगातार जनहित में फैसले लेकर दिल्ली के विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।
पिछले 11 सालों से दिल्ली में केजरीवाव की सरकार ने दिल्ली को नरक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और अब दिल्ली की जनता ने जिस उम्मीद के साथ भाजपा की सरकार बनाई है, उसमें लगातार सरकार काम कर रही है और उसका उदाहरण है कि 11000 करोड़ रुपये का सरचार्ज राशि दिल्ली सरकार माफ करने जा रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने सभी से अपील किया कि यह एक बेहतर मौका है कि दिल्ली की जनता अपने कनेक्शन को रेगुलराइज करा लें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रही है और केंद्र सरकार के सहयोग से दोगुनी रफ्तार से दिल्ली का विकास हो रहा है।


