पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ में आयकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में ‘एडवांस टैक्स एवं फर्जी डिडक्शन’ विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि उपायुक्त आयकर, सर्किल 3 लखनऊ अरविन्द चौहान और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी , पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ राहुल यादव के निर्देशन में इस कार्यशाला में 200 से अधिक रेल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्री चौहान ने अपने व्याख्यान में “एडवांस टैक्स एवं फर्जी डिडक्शन संबंधी बेहतर अनुपालन” पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कई करदाता धोखाधड़ी से धारा 80जीजीसी के तहत कटौती का दावा करते हैं। आयकर विभाग ने प्रामाणिक डेटा विश्लेषण के आधार पर ऐसी धोखाधड़ीपूर्ण कटौतियों की पहचान की है और आयकर अधिनियम, 1961 के तहत कार्रवाई शुरू की है। रिटर्न की गहन जांच के साथ, गलत कटौतियों पर ब्याज सहित कर निर्धारण, 60% तक जुर्माना और धारा 276C के तहत अभियोजन की कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने सलाह दी कि रिटर्न दाखिल करने से पहले दस्तावेजों की सत्यता सुनिश्चित करें और आयकर सलाहकार से परामर्श लें।
राहुल यादव ने अपने संबोधन में आयकर नियमों के पालन और सटीक रिटर्न दाखिल करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला कर्मियों को आयकर नियमों की जानकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होगी, जिससे वे अनुपालक बन सकेंगे। उन्होंने उपायुक्त आयकर और उनकी टीम को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यशाला में आयकर निरीक्षकों सहित रेल कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी की। यह आयोजन कर्मियों में आयकर नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में कारगर रहा।



