उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

विशेष मतदाता जोड़ो अभियान में सभी 110 वार्डों के पार्षदों को मिली जिम्मेदारी, प्रत्येक को 500 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा विशेष मतदाता जोड़ो अभियान के अंतर्गत हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में लखनऊ महानगर के सभी 110 वार्डों के पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने की। बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, ओएसडी केपी सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला, उपनेता मुन्ना मिश्रा, उपाध्यक्ष सुशील पम्मी एवं पुष्कर शुक्ला, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, सत्येंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी अनुराग साहू सहित भाजपा लखनऊ महानगर के पदाधिकारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।

बैठक में महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने विशेष मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर सभी पार्षदों को उनके वार्डों में विशेष जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि अभियान के निर्धारित समय के भीतर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए पार्षद बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक पार्षद को अपने वार्ड में 500 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें और अभियान को प्रभावी बनाएं।

बैठक के दौरान पार्षदों ने एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में सामने आ रही खामियों और वार्ड स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। पार्षदों ने बताया कि कई स्थानों पर एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हो गए हैं। कई बूथों पर बीएलओ द्वारा घर-घर संपर्क नहीं किया जा रहा है, वहीं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में देरी और कुछ बूथों पर बीएलओ की अनुपस्थिति जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

इसके अतिरिक्त बूथों की संख्या घटने के बाद मतदाता सूचियों में कहीं मतदाताओं की संख्या अधिक तो कहीं कम होने, ऑनलाइन भरे गए फॉर्म के सत्यापन में देरी तथा मतदाताओं के पोलिंग सेंटर बदलकर दूरस्थ केंद्रों पर आवंटित होने की समस्याएं भी रखी गईं। पार्षदों ने कहा कि मतदान केंद्र दूर होने के कारण कई मतदाता मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने नहीं पहुंच पाते हैं।

बैठक में इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर कराने पर चर्चा की गई, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और अधिक से अधिक लोग लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button