मंत्री बेबी रानी मौर्य की स्वीकृति, आदित्यनाथ सरकार के आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने का प्रमाण : राजेंद्र पाल गौतम
उत्तर प्रदेश में रिश्वत का बोलबाला, हज़ारों करोड़ का घोटाला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के “दो-ढाई हजार रुपये लेना करप्शन नहीं” वाले बयान पर आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर गरीबों से पैसे वसूले जा रहे हैं, और उन्होंने इस लूट को रोकने की बजाय इसे जायज़ ठहरा दिया। यह मंत्री की स्वीकृति है, और आदित्यनाथ सरकार के आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने का प्रमाण है। यह पूरी सरकार के व्यक्तित्व और कृतित्व का आईना है।
श्री गौतम ने कहा कि दो-ढाई हज़ार रुपये की यह वसूली गरीबों से ही होती है: आवास के लिए तरसती मलिन बस्ती की महिलाओं से, अस्पताल में इलाज के लिए भटकते मरीज़ों से, और नगर निगम-नगर पालिका के दफ्तरों के चक्कर काटते आम लोगों से। जिस सरकार की मंत्री खुद गरीबों से वसूली को जायज़ ठहराए, वहां भ्रष्टाचार ऊपर से नीचे तक संस्थागत हो चुका है। उत्तर प्रदेश में आज भ्रष्टाचार अपवाद नहीं, व्यवस्था बन चुका है।
हाथरस: आवास के नाम पर गरीब महिलाओं से वसूली
27 नवंबर 2026 की शाम हाथरस के रमनपुर मोहल्ले में जन चौपाल आयोजित की गई थी। हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य वहां पहुंचीं तो मलिन बस्ती की महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं। भूरापीर की बबीता ने बताया कि वे दो साल से मकान के लिए आवेदन कर रही हैं, और आवास का लाभ व कागज़ बनवाने के नाम पर उन्होंने नगर पालिका परिषद की एक महिला कर्मचारी को 2,500 रुपये दिए।
*आवास योजना: इतने कम पैसे, उस पर भी रिश्वत*
*श्री गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब को मिलने वाली राशि पहले ही नाकाफी है:*
•ग्रामीण आवास (PMAY-ग्रामीण): मैदानी इलाकों में एक मकान के लिए कुल 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, जिसमें केंद्र और राज्य 60:40 के अनुपात में पैसा देते हैं।
•शहरी आवास (PMAY-शहरी 2.0): अपनी ज़मीन पर मकान बनाने के लिए कुल 2.50 लाख रुपये तक मिलते हैं, जिसमें केंद्र के 1.50 लाख और राज्य के कम से कम 1 लाख रुपये होते हैं।
उन्होंने कहा कि आज की महंगाई में ईंट, सीमेंट, सरिया और मज़दूरी के दाम आसमान छू रहे हैं। इतनी राशि में एक पक्का मकान खड़ा करना ही मुश्किल है। उस पर अगर गरीब से 25-30 हज़ार रुपये की रिश्वत ले ली जाए, तो ग्रामीण आवास की पूरी राशि का पांचवां से चौथाई हिस्सा, यानी 20 से 25 प्रतिशत, सीधे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। फिर गरीब का घर बनेगा कैसे? मकान अधूरा रह जाता है, और गरीब कर्ज़ में डूब जाता है।
*अस्पतालों में इलाज के नाम पर वसूली*
*उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीज़ों को सबसे ज़्यादा लूटा जा रहा है:*
•बांदा: ज़िला अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक आयुष्मान कार्ड धारकों से इलाज के नाम पर वसूली के आरोप हैं। मेडिकल कॉलेज में भी रिश्वत मांगने की शिकायत हो चुकी है।
•अलीगढ़: CMO कार्यालय के पत्र के बावजूद एक आयुष्मान लाभार्थी को अस्पताल ने उससे वसूली गई रकम वापस नहीं की।
•नोएडा: ज़िला अस्पताल में एक मरीज़ की हर्निया सर्जरी के लिए उसकी बेटी से 8 हज़ार रुपये मांगे गए।
•फतेहपुर: ज़िला पुरुष चिकित्सालय में मरीज़ को खून चढ़ाने के नाम पर तीमारदार से वसूली की गई।
*नगर निगमों में भ्रष्टाचार का बोलबाला*
*श्री गौतम ने कहा कि नगर निगम और नगर पालिकाएं भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुकी हैं:*
कानपुर: नगर निगम में भ्रष्टाचार की शिकायतें इतनी बढ़ीं कि SIT बनानी पड़ी। करीब 15 कर्मचारियों को पूछताछ के नोटिस गए, जिन पर चुनिंदा फर्मों को ही आपूर्ति और ठेके देने के आरोप हैं। निगम के बाबुओं पर करोड़ों की कंपनियां चलाने तक के आरोप सामने आए।
•शाहजहांपुर: वायरल वीडियो में भाजपा पार्षद हाथ में गंगाजल लेकर रिश्वत की कमाई आपस में बराबर बांटने की शपथ लेते दिख रहे हैं। भाजपा पार्षदों ने वीडियो को झुठलाया नहीं, बस इतना कहा कि यह पुराना है। इस शपथ से आहत होकर एक पार्षद ने इस्तीफा तक दे दिया।
उन्होंने कहा कि हालत यह है कि सरकार के अपने सतर्कता अधिष्ठान को रिश्वत की शिकायतों के लिए अलग हेल्पलाइन जारी करनी पड़ी है। यह इस बात का सबूत है कि प्रदेश में हर सरकारी काम के लिए रिश्वत आम हो चुकी है।
गरीब की जेब से ढाई हज़ार, ऊपर हज़ारों करोड़
श्री गौतम ने कहा कि गरीबों से “दो-ढाई हज़ार” की यह वसूली तो सिर्फ बानगी है। जब नीचे खुलेआम वसूली को मंत्री का संरक्षण हो, तो ऊपर हज़ारों करोड़ की लूट का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। कांग्रेस पार्टी जल्द ही आदित्यनाथ सरकार के 17,000 करोड़ और 10,000 करोड़ रुपये के घोटालों का दस्तावेज़ों के साथ खुलासा करेगी, और भाजपा सरकार का असली चेहरा जनता के सामने लाएगी।
श्री गौतम ने कहा कि पिछले लगभग 10 साल से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता की सरपरस्ती में जो भीषणतम भ्रष्टाचार चल रहा है, उसका करारा जवाब उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को परास्त करके देगी। भाजपा को हटाइए, भ्रष्टाचार और रिश्वत मुक्त उत्तर प्रदेश बनाइए।



