अंतरराष्ट्रीय इनोरेल-2026 प्रदर्शनी में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने विभिन्न कंपनियों के नवीनतम तकनीकी उत्पादों एवं नवाचारों का किया अवलोकन

लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने आज आरडीएसओ परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय इनोरेल-2026 प्रदर्शनी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कंपनियों एवं संगठनों द्वारा प्रदर्शित नवीनतम तकनीकी उपकरणों, आधुनिक अभिकल्पों एवं प्रणालियों, प्रोटोटाइप इकाइयों, उन्नत संरक्षा उत्पादों तथा गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित तकनीकी नवाचारों का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की।
प्रदर्शनी के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सीटीसी प्रणाली, रोलिंग स्टॉक उपकरणों, आधुनिक बायो-टॉयलेट प्रणाली एवं ब्रेकिंग सिस्टम सहित रेलवे से संबंधित विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों एवं उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित कंपनियों के प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों से इन तकनीकों की उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं मंडल में इनके संभावित अनुप्रयोगों के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा उन्हें इस विषय पर आगे की चर्चा हेतु मंडल कार्यालय में आमंत्रित किया।
इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियां रेलवे क्षेत्र में नवीनतम तकनीकी विकास, नवाचार एवं स्वदेशी विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ रेल परिचालन में संरक्षा, विश्वसनीयता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रास्ट्रक्चर, नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन, डॉ. शिल्पी कनौजिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक तथा मनीष गंगवार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/सामान्य भी उपस्थित रहे।



