अन्य खबरउत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ के मेले और विरासत की अनदेखी

डॉ. एस.के.गोपाल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बारे में प्रख्यात इतिहासकार एवं साहित्यकार पद्मश्री डॉ. योगेश प्रवीन ने कभी लिखा था कि लखनऊ है तो महज़ गुम्बद ओ मीनार नहीं, सिर्फ़ एक शहर नहीं, कूचा ए बाज़ार नहीं, इसके आँचल में मुहब्बत के फूल खिलते हैं, इसकी गलियों में फ़रिश्तों के पते मिलते हैं। कहा जाता है कि शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों, सड़कों और बाजारों से नहीं बनती। उसकी असली पहचान वहाँ के लोगों के रहन सहन, भाषा, खानपान, कला, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं से बनती है। लखनऊ की तहजीब और गंगा जमुनी संस्कृति की चर्चा यहाँ के मेलों और उत्सवों के बिना अधूरी है। ये आयोजन लोगों को जोड़ने और स्थानीय कला शिल्प को मंच देने के अवसर रहे हैं।

लखनऊ महोत्सव इसी सांस्कृतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण हिस्सा रहा है। लगभग 1975 में इसकी शुरुआत मानी जाती है। आरंभ में आयोजन बेगम हजरत महल पार्क में हुआ फिर लक्ष्मण मेला मैदान में स्थानांतरित किया गया। बाद में अंबेडकर मैदान सहित अन्य स्थलों पर भी आयोजन हुए और आगे चलकर स्मृति उपवन, आशियाना इसका प्रमुख आयोजन स्थल बना। महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक, कवि सम्मेलन, मुशायरे और हस्तशिल्प के माध्यम से शहर की सांस्कृतिक विविधता दिखाई देती थी। स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को भी मंच मिलता था। इसकी स्मारिका ‘उर्मिला’ साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा थी, जिससे डॉ. योगेश प्रवीन का विशेष जुड़ाव रहा।

विडंबना है कि जिस आयोजन ने लखनऊ को देश भर में सांस्कृतिक पहचान दिलाई, वही लंबे समय से ठहरा हुआ है। वर्ष 2018 में स्मृति उपवन में आयोजित महोत्सव के बाद इसका नियमित आयोजन नहीं हो सका। वर्ष 2019 में प्रस्तावित आयोजन स्थगित हुआ। बाद के वर्षों में भी तैयारियों और घोषणाओं के बावजूद महोत्सव नहीं हो पाया। वर्ष 2023 में निविदा प्रक्रिया भी शुरू हुई, लेकिन आयोजन नहीं हुआ। यह स्थिति इसलिए भी विचारणीय है कि लखनऊ में मेलों और महोत्सवों की कमी नहीं है। सरकारी स्तर पर खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग मेले आयोजित करता है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मंच देने के लिए सरस मेले लगते हैं। निजी संस्थाओं की ओर से उत्तराखंड महोत्सव, उत्तरायणी कौथिग, हस्तशिल्प महोत्सव, यूपी महोत्सव और भारत महोत्सव जैसे आयोजन भी होते रहते हैं। इनसे स्पष्ट है कि शहर में मेलों के प्रति आकर्षण आज भी बना हुआ है। ऐसे में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और लखनऊ जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला लखनऊ महोत्सव आखिर क्यों नहीं हो पा रहा है? यह एक यक्ष प्रश्न है जिसका उत्तर मिलना चाहिए।

लखनऊ महोत्सव की चर्चा के साथ यहां के कतकी मेले को भी याद करना आवश्यक है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गोमती तट के आसपास लगने वाला यह मेला कभी शहर के जनजीवन का अभिन्न हिस्सा था। डालीगंज पुल के निकट लगने वाले इस मेले की अपनी अलग पहचान थी। स्थानीय लोगों के लिए यह एक वार्षिक उत्सव था। इसी कारण इसे कभी कभी ‘मिनी लखनऊ महोत्सव’ भी कहा जाता था। समय के साथ कतकी मेले का आयोजन स्थल भी बदला। डालीगंज से हटकर यह मनकामेश्वर उपवन में लगा और बाद में झूलेलाल वाटिका में आयोजित होने लगा। कार्तिक पूर्णिमा पर गोमती स्नान के साथ मेले की रौनक शुरू होती थी। खिलौनों, झूलों, मिट्टी के बर्तनों, घरेलू वस्तुओं और खानपान की दुकानों के बीच खरीदारी और मेल मिलाप का आनंद मिलता था। लेकिन आज कतकी मेले की पुरानी पहचान धीरे-धीरे धुंधली पड़ रही है। इसकी पारंपरिक शुरुआत कार्तिक पूर्णिमा से जुड़ी रही है। तैयारियों और आयोजन में देरी से पुरानी सहजता और उत्सवधर्मिता प्रभावित होती है। मेला आयोजित हो रहा है लेकिन उसका पारंपरिक स्वरूप और सामुदायिक अनुभूति पहले जैसी नहीं रह गई है। डालीगंज के पुराने मेले की स्मृतियाँ आज भी लोगों के मन में बसी हैं। उस पुराने परिवेश और स्थानीय जुड़ाव को बचाना जरूरी है। कतकी मेला अपनी परंपरा और पहचान को बचाए रखने के लिए जैसे संघर्ष कर रहा है।

लखनऊ महोत्सव और कतकी मेला ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत के जीवंत प्रतीक रहे हैं। जरूरत है कि लखनऊ महोत्सव को फिर नियमित रूप से आयोजित करने की ठोस पहल हो। इसके लिए स्थायी व्यवस्था बने, जिसमें कलाकारों, साहित्यकारों, शिल्पकारों और स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो। ‘उर्मिला’ जैसी स्मारिका का प्रकाशन फिर शुरू हो और महोत्सव शहर के सांस्कृतिक समाज का उत्सव बने। इसी तरह कतकी मेले की शुरुआत कार्तिक पूर्णिमा से सुनिश्चित करने और उसकी पारंपरिक पहचान को संरक्षित रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। लखनऊ की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत से है। इन्हें जीवित रखने के लिए अपनी परंपराओं को आयोजनों में स्थान देना होगा। मेले और उत्सव शहर की स्मृतियों के पड़ाव हैं। इन्हें उपेक्षित छोड़ना अपनी विरासत से दूर होना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button