उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

डीयू में राष्ट्र निर्माण में भारतीय संविधान की भूमिका विषय पर सेमिनार आयोजित

संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों पर हुआ विचार-विमर्श

नई दिल्ली : फोरम ऑफ एकेडमिक्स फॉर सोशल जस्टिस (शिक्षक संगठन) के तत्वावधान में दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय, उत्तरी परिसर में राष्ट्र निर्माण में भारतीय संविधान की भूमिका विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता फोरम के चेयरमैन प्रोफेसर हंसराज सुमन ने की, मुख्य वक्ता प्रोफेसर कैलाश प्रकाश सिंह यादव व मंच संचालन डॉ. नरपत सिंह नैनवाल ने किया। सेमिनार में काफी संख्या में उपस्थित शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में प्रोफेसर हंसराज सुमन ने कहा कि – भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का आधार स्तंभ है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करते हुए एक न्यायपूर्ण, समतामूलक और लोकतांत्रिक समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। प्रोफेसर सुमन ने आगे कहा कि – संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की अवधारणा आदर्श राष्ट्र निर्माण की मूल आधारशिला हैं। इन मूल्यों को व्यवहार में लागू करना प्रत्येक नागरिक, सामाजिक संस्था और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। भारतीय संविधान में समाज के वंचित, शोषित, पिछड़े एवं कमजोर वर्गों को संवैधानिक अधिकार, सम्मान और समानता का अवसर प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान दिए गए हैं। प्रोफेसर सुमन ने बताया कि संविधान में उल्लिखित धाराओं का पालन करते हुए ही भारत को एक मजबूत, समावेशी, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाया जा सकता है।

सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रोफेसर कैलाश प्रकाश सिंह यादव ने बाबा साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर के संविधान निर्माण में योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि बाबा साहेब ने भारत की बहुसंख्यक अभावग्रस्त, उपेक्षित समाज को ध्यान में रखते हुए संविधान में विशिष्ट धाराएँ जोड़ी थीं। उन्होंने संविधान के माध्यम से सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया, राजनीतिक हस्तक्षेप और आर्थिक समानता के स्थापना का सपना देखा था। उनका मानना था कि राजनीतिक समानता तभी सार्थक होगी, जब समाज में सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक अधिकारों, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा की।

युवा वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवा पीढ़ी को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों से परिचित कराना आज के समय की आवश्यकता है। सेमिनार में यह भी विचार व्यक्त किया गया कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक समानता, मानवीय मूल्यों की गरिमा, न्यायपूर्ण व्यवस्था और सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, सामाजिक न्याय को मजबूत बनाने तथा संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जनसामान्य में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में प्रोफेसर हंसराज सुमन ने सेमिनार में उपस्थित सदस्यों से संकल्प लिया कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं वैचारिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समानता के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। डॉ. विवेकानंद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button