उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सरदार पटेल मार्ग पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
NDMC उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गुलमोहर का पौधा लगाकर हरित राजधानी की दिशा में योगदान दिया

नई दिल्ली : पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से NDMC ने सरदार पटेल मार्ग पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम देशभर में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ, जो प्रधानमंत्री की सोच से प्रेरित है और दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर माननीय उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने अमलतास (Cassia fistula) का पौधा लगाकर हरियाली और आशा का संदेश दिया। उनके साथ NDMC अध्यक्ष केशव चंद्र और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने मिलकर प्राइड ऑफ इंडिया (Lagerstroemia speciosa) का पौधा लगाया।
NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गुलमोहर (Delonix regia) का पौधा लगाकर NDMC की हरित राजधानी की प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
इस मौके पर चहल ने बताया कि NDMC ने 1 जुलाई 2025 से “गैप फिलिंग अभियान’ की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य प्रमुख सड़कों, चौराहों और राउंडअबाउट्स पर लगातार हरियाली बनाए रखना है। पहले जहां केवल कुछ सड़कों पर ही पौधारोपण होता था, वहीं इस बार 80 से अधिक सड़कों को इस अभियान में शामिल किया गया है। यह पहल NDMC के बागवानी विभाग द्वारा बारीकी से निगरानी में चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल सौंदर्य बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए भी है। पौधारोपण से PM10, PM2.5 और PM1 जैसे प्रदूषकों को कम करने में मदद मिलेगी, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य में भी सुधार होगा।
चहल ने यह भी बताया कि उपराज्यपाल के निर्देश पर दिल्ली सरकार भी सरदार पटेल मार्ग पर एक बड़े वृक्षारोपण कार्यक्रम पर काम कर रही है, जिसके तहत 12,000 से अधिक फूलदार पेड़ और झाड़ियाँ लगाई जा रही हैं। इनमें अमलतास, क्वीन क्रेप मर्टल, रोज़ी ट्रम्पेट ट्री और बोगनवेलिया जैसी प्रजातियाँ शामिल हैं। खास बात यह है कि इस अभियान में पूर्ण विकसित पौधों का उपयोग किया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान तुरंत प्रभाव दिखे।
यह अभियान NDMC की विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। NDMC का उद्देश्य हरे-भरे, स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण के साथ एक सुंदर और रहने योग्य राजधानी बनाना है।
NDMC पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, जैव विविधता को बढ़ावा देने और नागरिकों की भागीदारी के साथ एक हरित, स्वच्छ और सुंदर नई दिल्ली बनाने के लिए सतत प्रयासरत है।


