अन्नदाताओं का अपमान करने वाली सांसद कंगना रनौत को भाजपा तत्काल निष्कासित करे : अजय राय
लखनऊ । भारत कृषि प्रधान देश है और किसान इस देश की रीढ़ है। हमारी अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार खेती है। लेकिन दुर्भाग्य देखिए कि पिछले दस वर्षों से देश के अन्नदाताओं को अपने वाजिब हक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, गोली खानी पड़ रही है। आखिर किसान भी तो हमारे देश के निर्माता हैं। किसी देश के विकास में उद्योग धंधों के साथ-साथ कृषि का भी विशेष योगदान होता है।
मोदी सरकार ने एक तरफ जहां किसानों के ऊपर तीन काले कृषि कानून थोपने की असफल कोशिश की वहीं दूसरी तरफ किसानों के साथ समर्थन मूल्य के नाम पर धोखा भी दिया। उक्त बातें आज लहुराबीर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री श्री अजय राय ने पत्रकारों के समक्ष कहीं।
श्री राय ने कहा कि आज भी अन्नदाता अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है और अपनी जान गंवा रहा है, शहादत दे रहा है। लेकिन केंद्र की निरंकुश मोदी सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। हद तो तब हो जाती है जब मोदी जी की प्रिय सांसद कंगना रनौत ने अभी कल ही अपने एक वक्तव्य में देश के अन्नदाताओं द्वारा पिछले वर्ष काले कानूनों के खिलाफ किए गए धरना प्रदर्शन को अपमानित करते हुए कहा कि किसान आंदोलन में रेप हो रहे थे और लाशें टांगी जा रही थी। वस्तुतः देखा जाए तो यह सिर्फ कंगना रनौत का वक्तव्य नहीं बल्कि एक सांसद के तौर पर पूरी सरकार का वक्तव्य माना जायेगा।
श्री राय ने कहा कि कंगना रानौत ने अपने बयान से पूरे देश के किसान भाईयों को गाली दी। जिस किसान आंदोलन में लगभग साढ़े सात सौ निर्दाेष किसान भाईयों ने अपनी शहादत दी, उस आंदोलन को इस तरह अपमानित करना और किसान भाईयों के इस पूरे संघर्ष को गाली देना, किसान भाईयों को ही नहीं बल्कि समूचे देश को गाली देने जैसा है।
अजय राय ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले दस वर्षों से बतौर बनारस के सांसद होने के नाते एक श्वेत पत्र जारी करें कि उन्होंने पिछले दस वर्षों में बनारस को कितने कल कारखाने, उद्योग धंधे, रोजगार और योजनाएं दी। केवल बड़ी-बड़ी बाते करने से विकास नहीं होता विकास करने के लिए आपको एक सुविचारित नीतियों को संचालित करना होता है। नरेंद्र मोदी जी के पिछले दस वर्षों का क्रियाकलाप देश को पीछे ले जाने वाला, देश को गर्त में ले जाने वाला रहा है।
पत्रकार वार्ता में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू,गुलशन अली, डॉक्टर राजेश गुप्ता,वकील अंसारी,राजीव राम,रोहित दुबे,शुभम सिंह,मो उज्जैर,आशीष गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



