उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज में महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और गणेश शंकर विद्यार्थी के त्याग-बलिदान को किया गया नमन

गौरीगंज,अमेठी। 26 अक्टूबर को केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज में महर्षि वाल्मीकि जी एवं महान स्वतंत्रता सेनानी, निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

गणेश शंकर विद्यार्थी जी ने अपनी लेखनी को अन्याय, शोषण और सांप्रदायिकता के विरुद्ध संघर्ष का सशक्त हथियार बनाया। वे ‘प्रताप’ समाचार पत्र के संस्थापक-संपादक थे और उन्होंने पत्रकारिता को जनसेवा तथा स्वतंत्रता आंदोलन का प्रभावी माध्यम बनाया। वर्ष 1931 में कानपुर के सांप्रदायिक दंगों के दौरान लोगों की जान बचाते हुए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन साहस, निर्भीक पत्रकारिता, मानवीय संवेदना और सांप्रदायिक सौहार्द की अमर मिसाल है।
कांग्रेसजनों ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के सामाजिक समरसता के संदेश और गणेश शंकर विद्यार्थी के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर संविधान, लोकतंत्र और आपसी भाईचारे की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल,बैजनाथ तिवारी,जिला प्रवक्ता अनिल सिंह,शत्रुघ्न सिंह,सुनील सिंह, अमरेश सिंह,सरकार विरोधी तथा सौरभ सिद्धार्थ शुक्ला सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button