राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सव-2026 के पाँच दिवसीय ( 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक) कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विभिन्न आयोजन किए गए

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लखनऊ मंडल के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय कब-बुलबुल उत्सव-2026 के पाँच दिवसीय ( 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक) कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विभिन्न आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में एक विशिष्ट एवं सामूहिक गतिविधि के रूप में ‘Exibition of Food Plaza’ का आयोजन किया गया। इसमें सभी राज्यों की टीम द्वारा जहां एक ओर अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी तरफ टीमों द्वारा अपने मेले में आने वाले प्रतिभागियों हेतु विभिन्न खेलों एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
समारोह में ’ग्रैंड कैम्प फायर‘ का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न भव्य एवं आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्धकर दिया। तदुपरान्त अतिथियों द्वारा विभिन्न राज्यों के खान पान का भी आनन्द लिया गया।
इस दौरान मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन से सभी को विभिन्न प्रकार की संस्कृतियों को जानने का अवसर मिलता है। रेलवे की सभी इकाइयों को अधिक से अधिक सुदढ़ बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को स्काउट गाइड से जोड़ना चाहिए। इसके लिए उन्होंने सभी के प्रयासों की सराहना की।
पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल की तरफ से द्वारा प्रत्येक प्रतिभागी को एवं प्रत्येक यूनिट लीडर को प्रतीक चिहन प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं कुशल मार्गदर्शन हेतु ’लीडर आफ द इवेन्ट‘ श्रीमती सुरेखा श्रीवास्तव जी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ग्रैन्ड कैम्प फायर के दौरान पूर्वाेत्तर रेलवे की आयोजन समिति द्वारा नेशनल स्टाफ के रूप में सेवा दे रहे दल के सभी 16 सदस्यों को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समस्त प्रतिभागियों, यूनिट लीडर्स के साथ ही नेशनल स्टाफ, लोकल स्टाफ ,सर्विस रोवर्स एवं सर्विस रेन्जर्स को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन सत्र में उत्सव के दौरान आयोजित की गयी समस्त 12 प्रतियोगिताओं के परिणाम बताते हुए प्रथम ,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को शील्ड प्रदान की गयीं।
इस अवसर पर पूर्वाेत्तर रेलवे, भुवनेश सिंह मुख्य जिला आयुक्त एवं अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/इंफ्रा., विजय आनन्द वर्मा जिला आयुक्त स्काउट, महेन्द्र सिंह, जिला आयुक्त मुख्यालय सहित पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के वरिष्ठ मण्डल चिकित्सा अधिकारी/ऐशबाग श्रीमती रंजना पाटनी, जिला आयुक्त गाइड एवं मण्डल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता उपस्थित थी। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुप कुमार, जिला सचिव, राघवेन्द्र सिंह चौहान, जिला संगठन आयुक्त, प्रिया पुरवार, जिला संगठन आयुक्त गाइड, एस.एम.एस आज़मी जिला प्रशिक्षण आयुक्त के साथ ही अन्य स्काउट्स एवं गाइड्स पदाधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



