उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

मोदी में हिम्मत है तो अडानी-अंबानी के घर छापे डलवाएं : खरगे

भाजपा-आरएसएस संविधान खत्म करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को महाराष्ट्र के धुले में विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को मिले अपार समर्थन से गदगद कांग्रेस अध्यक्ष अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमलावर रहे।

खरगे ने कहा कि आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अडानी-अंबानी की रक्षा की है। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने अडानी-अंबानी पर बात करना बंद कर दिया है। अडानी-अंबानी ने कांग्रेस को टेम्पो में पैसे भेजे हैं। अगर अडानी-अंबानी कांग्रेस को पैसे भेज रहे थे तो मोदी क्या सो रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 800 नेताओं को जेल में डाला। अगर मोदी में हिम्मत है तो अडानी-अंबानी के घर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के छापे डलवाएं।

इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा का चुनाव देश के भविष्य को बचाने वाला चुनाव है। मोदी सत्ता में आए तो आने वाली पीढ़ियां गुलामों की तरह रहेंगी। भाजपा-आरएसएस संविधान खत्म करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी-आरएसएस चाहते हैं कि अगर भाजपा को भारी बहुमत मिले ताकि वे संविधान बदल सकें।

खरगे ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं यहां का प्याज खाकर और यहां के कपास से बने हुए कपड़े पहनकर बड़ा हुआ हूं। लेकिन नरेंद्र मोदी के सभी कपड़े विदेशी ब्रांड के होते हैं। नरेंद्र मोदी की आदत झूठ बोलने की है। उन्होंने जनता से हमेशा झूठे वादे किए हैं, इसलिए वह उन्हें झूठों का सरदार कहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के विकास में योगदान देने वाले दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों को मोदी बर्बाद रहे हैं। खेती-किसानी के सामान पर टैक्स लगा दिया गया। आज बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। महंगाई चरम पर है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कभी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज नहीं उठाई। मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार हुआ। नरेंद्र मोदी 13 बार विदेश यात्रा पर गए, पर आज तक मणिपुर नहीं गए। जबकि राहुल गांधी जी ने मणिपुर से महाराष्ट्र तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास बोला और उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया। मोदी सिर्फ दो लोगों की सरकार चला रहे हैं। एक खुद मोदी और दूसरे अमित शाह हैं। अगर जनता ने मोदी को वोट दिया तो देश बर्बाद हो जाएगा।

कांग्रेस घोषणा पत्र के वादे गिनाते हुए खरगे ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये दिए जाएंगे। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाएगी। किसानों की कर्ज माफी की जाएगी। फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा। किसानों की सलाह से नई इंपोर्ट-एक्सपोर्ट पॉलिसी बनेगी। किसानी के लिए जरूरी हर चीज से जीएसटी हटेगी।

Cherish Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button