लखनऊ जंक्शन पर एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘INEJ Eats’ का शुभारंभ

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘INEJ Eats’ का आज शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरजित सिंह के नेतृत्व में NFR मॉडल के अंतर्गत इस प्रतिष्ठान को विकसित किया गया है। इसका औपचारिक शुभारंभ एक वरिष्ठ रेल यात्री से कराया गया ।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘INEJ Eats’ के माध्यम से लखनऊ जंक्शन पर आने-जाने वाले रेल यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान की सुविधाएं त्वरित एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध होंगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित यह प्रतिष्ठान स्टेशन की यात्री सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के साथ यात्रियों के समग्र अनुभव को भी बेहतर बनाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरजित सिंह ने बताया कि इस प्रतिष्ठान के संचालन से रेलवे को आगामी 10 वर्षों में लगभग ₹2.15 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। यह पहल रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों के बेहतर व्यावसायिक उपयोग तथा गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी, प्रतिष्ठान के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में रेल यात्री उपस्थित रहे।



