रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा तुलसीनगर – मालीपुर-जाफरगंज रेलपथ पर दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण
समयपालन,परिचालन कार्य एवं संरक्षा में होगी वृद्धि

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वाराअपनी परिधि में आने वाले रेलपथों के दोहरीकरण व विद्युतीकरण संबंधी कार्यों के क्रम में 21 जनवरी 2024 को एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गयी एवं मंडल के तुलसीनगर-मालीपुर-जाफरगंज रेलखंड के 17.34 किमी. रेलपथ के दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेल मार्ग के कार्य का रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर परिमंडल, दिनेश चंद देशवाल द्वारा निरीक्षण किया गया.

विदित हो कि बाराबंकी से जौनपुर रेल खंड वाया अकबरपुर (237.65 किलोमीटर) में रेलपथ के दोहरीकरण/विद्युतीकरण सबंधी कार्यों के अंतर्गत आज के इस दोहरीकरण/विद्युतीकरण के कार्य की स्वीकृति के उपरांत बाराबंकी से जौनपुर रेलखंड पर कुल 200.56 किमी का रेल मार्ग दोहरीकृत/विद्युतीकृत हो जायेगा एवं इस रेल मार्ग पर परिचालन संभव हो सकेगा ।

अपने इस निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त,उत्तर परिमंडल, दिनेश चंद देशवाल द्वारा तुलसीनगर,मालीपुर एवं जाफरगंज स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए स्टेशन पर पैनल रूम ,संरक्षा अभिलेखों, संरक्षा संबंधी कार्यालयों, संरक्षा के सभी आवश्यक मानकों, संसाधनों, उपकरणों, इत्यादि का विधिवत अवलोकन किया गया.
उन्होंने रेलपथ सहित अन्य समस्त आवश्यक प्रक्रियाओं का ट्राली द्वारा तुलसीनगर से मालीपुर एवं मालीपुर से जाफरगंज के मध्य गहनता से निरीक्षण किया तथा मार्ग में पड़ने वाले समपार गेट संख्या 72C,75SPL,77C, रेलवे पुल, OHE installation , टर्न आउट, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा रेलपथ की संरक्षा की व्यवस्थाओं का क्रम से अवलोकन करते हुए इस संबंध में अपने आवश्यक सुझाव एवं निर्देश पारित दिये I इसके उपरान्त उन्होंने तुलसीनगर से जाफरगंज के मध्य स्पीड ट्रायल किया I इस निरीक्षण में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी(निर्माण), ए.के. सिंघल,अपर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी, लाल जी चौधरी भी उपस्थित रहे.

इस रेलपथ के दोहरीकरण कार्य के उपरांत इस रेलखंड पर यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक और संरक्षित होगी साथ ही इस पथ पर गाड़ियों को अधिकतम गति से संचालित किया जा सकेगा, जिससे मालवाहक तथा यात्री गाड़ियां निर्धारित समय पर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर सकेंगी।



