उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
दिलकुशा कॉलोनी में दीवार ढहने से दबकर मजदूर परिवार के 9 लोगों की मृत्यु पर राजनाथ सिंह ने व्यक्त की शोक संवेदना
भाजपा प्रतिनिधियों ने घटना स्थल पहुंचकर दुर्घटना का संज्ञान लिया और श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सिविल अस्पताल जाकर घायलों का जाना हाल

चेरिश टाइम्स न्यूज़
लखनऊ. भारी वर्षा के कारण दिलकुशा कॉलोनी में दीवार ढहने से दबकर मजदूर परिवार के 9 लोगों की मृत्यु व दो लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त होने पर केंद्रीय रक्षा मंत्री और सांसद लखनऊ राजनाथ सिंह ने प्रातः ट्वीट करके मृतक परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की । दुर्घटना के कारणों की संपूर्ण जानकारी प्राप्त करने और घायलों के उचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में लखनऊ जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार से बात की।

रक्षा मंत्री के निर्देशानुसार महानगर अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री ओएसडी के पी सिंह और सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, कार्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर राघवेंद्र शुक्ला ने प्रातः स्थल पहुंचकर दुर्घटना का संज्ञान लिया और इसके उपरांत श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सिविल अस्पताल जाकर वहां भर्ती घायल मरीजों से मिलकर हाल जाना और दुर्घटना में परिजनों की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की।

सिविल अस्पताल निदेशक डाक्टर आनंद ओझा से दुर्घटना में घायल मरीजो के समुचित इलाज के संबंध में बात होने पर उन्होंने जानकारी दी कि दोनों मरीज खतरे से बाहर है।

मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि इस दौरान लखनऊ महानगर महामंत्री सुनील यादव, उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष आनंद पांडे भी उपस्थित रहे।




