उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
भगवान गणेश को पहनाया गया 51 किलो का गजरा
मनौतियो के राजा गणेशोत्सव का दूसरा दिन

लखनऊ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के तत्वावधान में झूलेलाल वाटिका निकट हनुमान सेतु के पास चल रहे 18 वां मनौतियों के राजा का गणेशोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को भगवान श्री गणेश को 51 किलो का गजरा (माला) पहनाया गया गया। जो आकर्षण का केन्द्र रहा।

गजरे को जब कमेटी पदाधिकारी पहनाने के लिये बप्पा के दरबार में आये तो पण्डाल भक्ति से सराबोर हो गया। माहौल को और सुन्दर बनाने के लिए राजधानी लखनऊ की भजन गायिका सुमिता श्रीवास्तव ने बहुत खूबसूरत भजन आज गणेश बाबा का गजरा लायो रे…, सुनाया तो लोग बप्पा की भक्ति में झूम उठे। इस शाम को सुरमयी बनाते हुये कोलकाता के संजय शर्मा ने गजरे पर एक भजन ‘फूलों का गजरा करके तैयार लेकरके आये सेवक हजार’ सुनाया तो कमेटी के कमेटी के अनिल अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अखिलेश बंसल, रंजीत सिंह, संजय गांधी, घनश्याम अग्रवाल, महिलाओं में संध्या बंसल, अंजू गुप्ता, रुक्मणी अग्रवाल, अंशू बंसल, आशा अग्रवाल, नीरज सिंह, बिन्नी बंसल, नेहा अग्रवाल समेत अन्य लोग गणपति बप्पा की भक्ति की मस्ती के साथ झूमते नाचते गजानन को गजरा पहनाया। बप्पा को जब गजरा पहनाया गया तो पण्डाल में उपस्थित हजारों लोग खड़े होकर नृत्य करने लगे और गणपति बप्पा मोरिया का जयघोष करने लगे।

उस दौरान सुमिता श्रीवास्तव ने एक भजन ‘गजरा लाये है सरकार किया है फूलों से तैयार’ सुनाया। उसके बाद सुमिता श्रीवास्तव के निर्देशन में नृत्य नाटिका कृष्ण सुदामा रुक्मणी, सत्यभामा, कर्मा बाई का मंचन किया गया। जिसमें दिखाया जाएगा भावना सच्ची हो तो भगवान भी प्रकट हो जाते हैं।

संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि इस बार मनौतियों के राजा गणेशउत्सव के प्रेरणाश्रोत स्व0 राजेश बंसल की स्मृति में 4 व 5 सितम्बर को रक्तदान शिविर और कोरोना वैक्सीनेशन कैम्प लगाए जाएंगे।

इसके अलावा काफी संख्या मे दुकानें चाट, फास्ट-फ्रूड एवं आइस्क्रीम की दुकाने व उनके पसन्द की सामग्री भी है। पण्डाल के बाहर महोत्सव का रुप दिया गया है। महिला एवं बच्चों के लिए विशेष प्रकार के झूले, लगाए गये हैं।
उन्होंने बताया कि श्रंगार एवं आरती प्रतिदिन प्रातः 10 बजे एवं सायं 6ः00 बजे होगी।

इसमें सभी श्रद्धालु भाग ले सकते हैं । इसके अलावा प्रतिदिन प्रातः 8ः00 बजे से प्रातः 9ः30 बजे तक उसके बाद प्रातः 10ः00 बजे से अपरान्ह 5ः00 बजे तक एवं सायं 6ः00 बजे से रात्रि 11ः00 बजे तक मनौतियों के राजा के दर्शन होंगे। विगत वर्षाे की भांति इस बार भी मनोतियों के राजा श्री गजानन के नाम चिट्ठी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6ः00 बजे तक श्रद्धालु लिख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्सव में 2 सितम्बर दिन शुक्रवार को पाशांकुश पूजन मध्यान्ह 12 बजे होगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

उत्सव के मुख्य आकर्षण
2 सितम्बर- पाशांकुश पूजन मध्यान्ह 12 बजे
3 सितम्बर- दूर्वाभिषेक, मध्यान्ह 12 बजे,
5 सितम्बर- छप्पन भोग, रात्रि 8 बजे
7 सितम्बर- सिन्दूराभिषेक मध्यान्ह 12 बजे,
8 सितम्बर- महाभिषेक मध्यान्ह 12 बजे, तथा महामोदक रात्रि 8ः00 बजे।




