लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया गया

लखनऊ । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार सम्पूर्ण भारतीय रेल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ मण्डल पर विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
इसी परिप्रेक्ष्य में बादशाहनगर स्टेशन पर स्वच्छता हेतु जनजागरुकता अभियान चलाया गया। जिसके अन्तर्गत सेवानिवृत्त रेल अधिकारी (मण्डल परिचालन प्रबंधक) एम.पी. सिंह द्वारा यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छ के महत्व, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार तथा स्टेशन परिसर व ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने हेतु व्यापक रूप से जागरूक किया गया। उन्होंने स्वच्छ रेल, स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने में सभी की सहभागिता पर बल दिया।
इसी क्रम में आज मण्डल में स्वच्छता एवं सैनिटेशन संबंधी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य स्वैच्छिक सहभागिता, सामूहिक प्रयास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना, आज की थीम ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ के अंतर्गत स्टेशन परिसर में इंटेंसिव क्लीनिंग ड्राइव चलाकर मैकेनाइज्ड क्लीनिंग कराई गई। स्टेशन परिसर के सभी शौचालयों एवं नालियों की विशेष सफाई कराई गई। रेलगाड़ियों की स्वच्छता तथा यात्रियों, जनता की सक्रिय भागीदारी पर केंद्रित करते हुए यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट पर यात्रियों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर स्वच्छता अभियान में अपनी सहभागिता की।



