मनौतियों के राजा के दरबार में भजनों की बरसात, तीन दिव्य नृत्य-नाटिकाओं ने बांधा समां
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तथा लेटे हनुमान जी मंदिर के मुख्य महंत विवेक तांगड़ी मनौतियों के राजा के दरबार पहुंचे

लखनऊ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से झूलेलाल वाटिका में चल रहे मनौतियों के राजा गणेशोत्सव में सोमवार को भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तथा लेटे हनुमान जी मंदिर के मुख्य महंत विवेक तांगड़ी मनौतियों के राजा के दरबार पहुंचे.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कोलकाता के भजन गायक अनुराग तिवारी ने जब “मेरा जो रखवाला है., और “मेरी बिगड़ी बनाता है…” भजन सुनाए तो पूरा पंडाल “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंज उठा और भक्त झूमने पर मजबूर हो गए। बाद में संजय शर्मा और उनकी टीम ने तीन दिव्य नृत्य-नाटिकाओं का मंचन किया जिसने समां बांध दिया।
पहली प्रस्तुति अर्धनारीश्वर में भगवान शिव और माता शक्ति के मिलन से अर्धनारीश्वर स्वरूप की उत्पत्ति को दिखाया गया। दूसरी प्रस्तुति देवी मां का प्रेम में दिखाया गया कि देवी मां कैसे अपने भक्तों के सच्चे प्रेम के वश में रहती हैं और उनकी हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखती हैं। तीसरी प्रस्तुति *बाबा रामदेव* में बाबा के दिव्य जन्म और उनके चमत्कारों से भक्तों के कल्याण की कथा का सुंदर मंचन किया गया। इस मौके पर संरक्षक भारत भूषण गुप्ता, अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, पार्षद रंजीत सिंह, जय करन सिंह, अखिलेश बंसल, संजय सिंह गांधी, गोपाल अग्रवाल, सुधांशु बाथम आदि लोग मौजूद रहे।
नगर में आज
“मनौतियों के राजा” पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूलेलाल वाटिका गोमती तट, शाम 7:00 बजे।


