लखनऊ की पहली महिला पत्रकार मेहरू जाफर का निधन

लखनऊ । सत्तर के दशक के शुरू में पत्रकारिता शुरू करने वाली लखनऊ की पहली महिला पत्रकार और यू.पी. वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन का प्रमुख चेहरा रही मेहरू जाफर का गोवा में निधन हो गया।
मेहरू जाफर पत्रकार के अलावा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक्टीविस्ट और कई पुस्तकों की लेखिका भी थीं। वह वर्ष 1978 के आई.एफ.डब्ल्यू.जे. के चित्रकूट सम्मेलन के प्रमुख आयोजकों में थी।
उल्लेखनीय है कि मेहरू जाफर 1970 के दशक के शुरू में लखनऊ में पहली महिला पत्रकार थीं। उनके साथ ही सीमा मुस्तफा और ललिता सुब्रह्मणयम ने भी पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया था।मेहरू जाफर का जन्म और पालन-पोषण उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ। इनकी मां फर्रुख जाफर एक जानी-मानी भारतीय अभिनेत्री थीं, जिन्हें फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ (2020) में फातिमा बेगम के किरदार से विशेष पहचान मिली थी। वहीं इनके पिता सैयद मोहम्मद जाफर (S.M. Jaffar) एक स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य रहे थे। मेहरू जाफर ने लखनऊ विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक किया। वह लखनऊ की पहली महिला रिपोर्टर्स में से एक थीं, जिन्होंने The Pioneer और India Today जैसे संस्थानों के साथ काम किया। नवाबी शहर की गंगा-जमुनी तहजीब, साहित्यिक माहौल और सांस्कृतिक विविधता ने उनके व्यक्तित्व को गहराई से प्रभावित किया। यही कारण रहा कि बाद में उनके लेखन में लखनऊ की संस्कृति, सूफी विचारधारा और भारतीय समाज की विविधता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में आने के बाद उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विषयों पर लगातार लेखन किया। उनकी पहचान एक ऐसी पत्रकार के रूप में बनी, जो तथ्यों के साथ-साथ विषय की ऐतिहासिक और सामाजिक पृष्ठभूमि को भी पाठकों के सामने रखती थीं।उन्होंने अपने करियर की शुरुआत द पायनियर से की, ‘इंडिया टुडे’ में रिपोर्टर रहीं, और बीबीसी न्यूज हिंदी के लिए भी रिपोर्टिंग की।
उन्होंने ‘द बुक ऑफ निजामुद्दीन औलिया’, ‘द बुक ऑफ मोइनुद्दीन चिश्ती’, ‘फ्रॉम द लव लेंस ऑफ लखनऊ’ और ‘लव एंड लाइफ इन लखनऊ’ जैसी कई पुस्तकें लिखीं.पत्रकारिता, शोध और लेखन के क्षेत्र में मेहरू जाफर के कार्यों को देश और विदेश में सराहा गया। भारतीय इस्लाम, सूफी दर्शन और दक्षिण एशियाई समाज पर उनकी गहरी समझ के कारण उन्हें कई विश्वविद्यालयों, साहित्यिक मंचों और सांस्कृतिक आयोजनों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया जाता था। उनके लेखों और पुस्तकों का उपयोग शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी संदर्भ सामग्री के रूप में किया जाता रहा है।
यू.पी. वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, महामंत्री देवराज सिंह, आई.एफ.डब्ल्यू.जे. के अध्यक्ष गोपाल मिश्र, मंत्री विश्वदेव राव, यू.पी.प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार सिंह तथा यूनियन की लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिव शरण सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

वर्ष 1978 में आई.एफ.डब्लू.जे. के अयोध्या सम्मेलन के आयोजकों का यादगार फोटो। चित्र में बैठे हुए बायें मेहरू जाफर। पीछे खड़े हैं उनके पत्रकार पिता एस.एम. जाफर।
रिपोर्ट – विनीता रानी विन्नी


