मस्जिद अज़हर अली में इज्तेमाई रोज़ा इफ्तार, गंगा-जमुनी तहज़ीब की दिखी मिसाल

लखनऊ : इंसाफ़ नगर, इंदिरा नगर स्थित मस्जिद अज़हर अली में इज्तेमाई रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोज़ेदारों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने शिरकत की। इस अवसर पर आपसी भाईचारे, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर झलक देखने को मिली।
मस्जिद कमेटी के सेक्रेटरी मुर्तज़ा अली ने बताया कि सामूहिक रोज़ा इफ्तार का यह आयोजन मस्जिद की वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसका उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मज़बूत करना है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक माननीय शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि रोज़ा इफ्तार जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मज़बूत करते हैं तथा हमारी गंगा-जमुनी तहज़ीब की पहचान को आगे बढ़ाते हैं।
राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और सहयोग की भावना बढ़ती है, जो देश की सामाजिक एकता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन हज़रत ख़ालिद राशिद फिरंगी महली, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश वर्मा, आलमबाग गुरुद्वारा के गोल्डी छाबड़ा, जसवीर सिंह गांधी, गुरजीत सिंह छाबड़ा, कपिल सिंह एडवोकेट, सुरेश त्रिपाठी, एडवोकेट संजय सिंह यादव, बाबा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मस्जिद के सदर खालिद इस्लाम ने बताया कि इस मस्जिद में आयोजित होने वाले रोज़ा इफ्तार में हर धर्म और समाज के लोग शामिल होते हैं, जो लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब की सच्ची पहचान है।
इफ्तार के बाद नमाज़ अदा की गई और प्रदेश, देश तथा दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
इस मौके पर रोज़ा इफ्तार कमेटी के सदर शेख़ अफ़ज़ल, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोकेट बदरूल हसन, फैज़ुद्दीन आमिर, डॉ. अख्तर किदवई, डॉ. महबूब, मोहम्मद अफ़ाक, अब्दुल वहीद (वरिष्ठ पत्रकार), नजम जी, जुबैर अहमद, पी.सी. कुरैल, फहद हसन, कैफ़ हालिया, शाहिद अली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



