सपनों को मिली उड़ान…अभ्युदय कोचिंग के अभ्यर्थी UP पुलिस, NEETऔर JEE में सफल
जनपद कन्नौज की तीनों तहसीलों में संचालित है मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग
लखनऊ : समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने एक बार फिर परचम लहराया है। जनपद कन्नौज केंद्र के अभ्यर्थियों ने वर्ष 2024-25 में संपन्न देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं यूपी पुलिस भर्ती, NEET और JEE में कामयाबी हासिल की है। इस उपलब्धि पर श्री असीम अरुण, सदर विधायक व समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने सभी सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
यूपी पुलिस में अंकुश कुमार, अनामिका अवधेश कुमार, विशाल शर्मा, अनुराग शर्मा ने सफलता हासिल कर योजना को नई ऊंचाई दी है। वहीं JEE एडवांस में श्रृष्टि सिंह ने 85.82 पर्सेंटाइल, श्रेयान्श चतुर्वेदी ने 76.29 और नेहा राजपूत ने 75.77 पर्सेंटाइल हासिल किया है। इसके अलावा NEET में दीक्षा ने 73.46 पर्सेंटाइल लाकर सफलता पाई है। ये सभी अभ्यर्थी कन्नौज जनपद में संचालित अभ्युदय कोचिंग केंद्र से तैयारी कर रहे थे।
गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जनपद कन्नौज के तीनों तहसीलों में संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर समाज के सभी वर्गों के प्रतिभाशाली युवाओं को IAS, PCS, NEET, JEE, NDA, CDS, CUET, CAPF जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग प्रदान करना है। योजना के तहत विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाता है। क्लासेज ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में होती हैं। इसके साथ ही मॉक टेस्ट, इंटरव्यू प्रैक्टिस, स्टडी मटीरियल और पर्सनल मेंटरशिप की सुविधा भी प्रदान की जाती है।


