अरविंद केजरीवाल दिल्ली के स्वतंत्रता दिवस समारोह को विवादित बनाने पर अमादा हैं,खेदपूर्ण : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली एवं देश ने अरविंद केजरीवाल को 2014 में गणतंत्र दिवस समारोह से कुछ दिन पूर्व अराजकता फैलाते देखा था और आज दस साल बाद फिर खेदपूर्ण है की अपनी हठधर्मी से अरविंद केजरीवाल दिल्ली के स्वतंत्रता दिवस समारोह को विवादित बनाने पर अमादा हैं।
सचदेवा ने कहा है कि कुछ दिन पहले पूरे आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया ईको सिस्टम ने फैलाया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को पत्र लिखकर कहा है कि मंत्री आतिशी 15 अगस्त को सरकारी ध्वजारोहण करेंगी पर आज तिहाड़ जेल अधीक्षक का एक परिपत्र सामने आया है जिससे साफ हुआ है की मुख्यमंत्री केजरीवाल हों या कोई अन्य कैदी वह केवल अपने निजी पारिवारिक विषयों पर ही पत्र जेल से बाहर भेज सकते हैं और किसी प्रकार का शासकीय निर्देश निवेदन पत्र वह जेल से नही जारी कर सकते।
जेल अधीक्षक का परिपत्र सामने आते ही मंत्री गोपाल राय ने एक नया भ्रामक पत्र जारी किया है की मुख्य मंत्री के निर्देश अनुसार सुश्री आतिशी ध्वजारोहण करेंगी और सम्बंधित विभाग उसकी तैयारी करें।
सचदेवा ने कहा है कि जेल अधीक्षक के परिपत्र से साफ है की मुख्यमंत्री जेल से कोई शासकीय निर्देश नही दे सकते तो फिर यह साफ है कि गोपाल राय का पत्र असंवैधानिक है, अमान्य है और आतिशी ध्वजारोहण नही कर सकती हैं।
समझ से परे है की आखिर क्यों अरविंद केजरीवाल सवतंत्रता दिवस ध्वजारोहण को विवादित कर रहे हैं, बेहतर है. जनरल प्रशासन मंत्री गोपाल राय इस पर संवैधानिक विशेषज्ञों एवं उपराज्यपाल से मशवरा करके संविधान के अंतर्गत मान्य निर्णय होने दें।


