गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों हेतु अयोध्या भ्रमण शिविर’

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित भ्रमण शिविर में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत 52 रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर में दर्शन के उपरान्त सभी प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों हनुमानगढ़ी, सीता की रसोई, सरयू तट एवं राम की पैड़ी, हनुमत कुंड और भरतकुंड जैसे पवित्र स्थलों का भी भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान कर्मचारियों ने अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का गहन अनुभव किया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि इस प्रकार के कल्याणकारी भ्रमण से कर्मचारियों में कार्य के प्रति नई ऊर्जा, मानसिक शांति एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है तथा उन्हें हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। भ्रमण में शामिल सभी कर्मचारियों ने इस पहल के लिए मण्डल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



